‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,5फरवरी। कलेक्टर प्रभात मलिक ने सभी अनुभागीय अधिकारियों एवम तहसीलादारों को हल्का पटवारी स्तर पर ग्रामवार शिविर लगाकर राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांवों में मुनादी कराकर शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित करें।
महासमुंद अनुविभागीय अधिकारी उमेश साहू ने महासमुंद अंतर्गत बी 1 पठन पाठन, अन्य कार्य हेतु 5 फरवरी से शिविर आयोजन करने ग्राम तिथिवार सूची जारी की है। उन्होंने समस्त हल्का पटवारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने अधिनस्थ ग्रामों के कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराकर निर्धारित तिथि में आयोजित शिविर में अपने दायित्व से संबंधित कार्य कराएं। साथ ही अविवादित नामांतरण एवं बंटवारा के मामलों को ऑनलाईन भूईया में दर्ज करने, नवीन ऋणपुस्तिका बना कर प्रदाय करने, भू.अभिलेखों की नकल प्रदाय करने, नक्शा बटांकन एवं सीमांकन हेतु आवेदन प्राप्त कर निराकरण करने, जाति प्रमाण हेतु वशांवली तैयार कर प्रदाय करने, एवम राजस्व से संबंधित अन्य कार्य संपादित करना सुनिश्चित करें।
महासमुंद अनुविभाग में जारी सूची के अनुसार आज 5 फरवरी को बरोंडा बाजार, पिटियाझर, बिरकोनी,परसदा, झारा,नायकबांधा, झालखम्हरिया, कौंदकेरा, खैरझिटी, मालीडीह, अछरीडीह, अछोली, नांदगांव, बम्हनी, बेमचा, बेलसोण्डा, भलेसर, लभराखुर्द, मोगरा, बकमा, खट्टी, डुमरपाली, ढांक, टुरीडीह, तुरेंगा, छिन्दौली, छिन्दपान, मुनगासेर, पचरी, नरतोरा, भटगांव, अचानकपुर, कछारडीह, रायतुम, सिनोधा, बरेकेल, नवागांव, तोरला, खट्टा, रामखेडा, बावनकेरा, पासीद, सिरपुर, गढसिवनी, गोपालपुर, खड़सा में शिविर लगाया जाएगा।
इसी तरह 6 फरवरी को भी शिविर लगाया जाएगा। हल्का पटवारी स्तर पर 9 फरवरी तक शिविर लगाएं जायेंगे। ग्राम स्तर पर प्राप्त आवेदनों के निराकरण पश्चात तहसीलदारों द्वारा ग्राम पंचायतों में 1 मार्च से शिविर लगाए जायेंगे। शिविर में समस्याओं के निराकरण एवम जाति प्रमाण पत्र वितरण की करवाई की जायेगी। अन्य अनुभाग में 6 फरवरी से शिविर लगाए जायेंगे।