महासमुन्द

राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में इस बार भी महासमुंद अव्वल
05-Feb-2024 4:46 PM
राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी  में इस बार भी महासमुंद  अव्वल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 5 फरवरी। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में इस बार भी महासमुंद जिला अव्वल रहा। अतिरिक्त समय बढ़ाए जाने के बाद कल अधिकांश  सोसायटियों में सन्नाटा रहा। सोसायटी कर्मी तथा हमाल कल धान की आवक नहीं होने की वजह से मात्र पुराने पेंडिंग काम निबटाने में ही व्यस्त रहे।

पहले यह माना जाता रहा है कि शासन द्वारा बढ़ाया गया 4 दिन का समय भी इस बार समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिये कम पड़ेगा। लेकिन अधिकांश सोसायटियों में 2 फरवरी तक किसान अपना धान बेच चुके थे। शहर के बेमचा सोसायटी में 1 फरवरी को ही लगभग पूरे किसान धान

बेच चुके थे। यही स्थिति पिटियाझर सोसायटी में भी थी। फलस्वरूप कल जिला मुख्यालय के समीप की अधिकांश सोसायटियों में धान की आवक नहीं हुई।

जिला सहकारी बैंक महासमुंद से मिली जानकारी के अनुसार जिले में सभी पात्र किसानों ने धान बेचा है। इस बार अतिरिक्त धान  खरीदी की वजह से किसानों के पास समय पूर्व ही धान समाप्त हो गया। वहीं कुछेक सोसायटियों को छोड़ दें तो बारदाने की किल्लत भी नहीं के  बराबर रही है।

मालूम हो कि 1 नवंबर से 31 जनवरी तक शासन ने समर्थन मूल्य पर किसानों का धान खरीदा है। लेकिन इस बार बारिश, चुनाव आदि  की वजह से कुछ दिनों के लिये खरीदी प्रभावित थी। वहीं नवंबर माह में तो कटाई में व्यस्त रहे किसानों की वजह से सोसायटियों में धान की

आवक नहीं थी। इस बात को लेकर 4 दिन अतिरिक्त समय शासन ने बढ़ाया था। फलस्वरूप किसानों को इसका खास लाभ मिला। सोमवार  की रात 8 बजे तक जिला सहकारी बैंक से मिले आंकड़ों के मुताबिक जिले के 182 खरीदी केंद्रों में कुल 1 लाख 52 हजार 510 किसानों से

1 करोड़ 12 लाख, 84 हजार 034 क्विंटल धान खरीदा जा चुका था। जिससे 24 अरब़,63करोड़, 32लाख, 68 हजार 998 रुपए का राजस्व शासन को मिला है।

जिला नोडल अधिकारी जीएन साहू ने बताया कि कुछ केंद्रों से अभी रिपोर्ट नहीं आई है। इसलिए आंकड़ों में आंशिक परिवर्तन  संभव है। लेकिन महासमुंद जिला प्रदेश में अव्वल है।


अन्य पोस्ट