महासमुन्द

नपा में नमस्ते इंडिया की ओर से सीवरेज व सेप्टिक टैंक सफाई प्रशिक्षण
04-Feb-2024 2:38 PM
नपा में नमस्ते इंडिया की ओर से सीवरेज व सेप्टिक टैंक सफाई  प्रशिक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 फरवरी।
नमस्ते इंडिया की ओर से गुरुवार को नगर पालिका कार्यालय में सीवरेज व टैंक का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पालिका के सफाई कर्मचारियों को सीवरेज और विशेषकर सेप्टिक टैंक की साफ -सफाई तथा उस काम के दौरान बरते जाने वाले सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी गई। ताकि कर्मचारियों को टैंक की सफाई करते किसी तरह की परेशानी न हो। 

मौके पर मौजूद विशेषज्ञ टीम ने बताया कि वैसे तो अब सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए मशीनों का इस्तेमाल हो रहा है। लेकिन तंग गलियों में जहां मशीन नहीं पहुंच सकती है, वहां मानवीय तौर पर ही सेप्टिक टैंक की सफाई की जाती है। लेकिन उसमें काफी जोखिम भी बना रहता है। जिससे बचाव के लिए जरूरी जानकारी का होना आवश्यक है। 

इस दौरान बताया गया कि सेप्टिक टैंक की साफ  सफ ाई से पहले कितनी देर पहले टैंक का ढक्कन खोलना चाहिए, ताकि टैंक से गैस निकल जाए। इसके अलावा गहरे सेप्टिक टैंक की साफ-सफाई के तरीके के अलावा उन उपकरणों के बारे में भी जानकारी दी गई, जो सफाई के काम को सुरक्षित तथा आसान बनाने में सहायक साबित होते हैं। इस संबंध में जरूरी उपकरणों के उपयोग के बारे में बताया गया ताकि सीवरेज तथा सेप्टिक टैंक की साफ सफाई के दौरान कर्मचारी इस्तेमाल कर सकें। 

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग, पार्षद महेंद्र जैन, सीएमओ टॉमसन रात्रे, स्वच्छता प्रभारी दिलीप चन्द्राकर,स्वच्छ भारत मिशन समन्वयक नीतू प्रधान, स्वच्छ भारत मिशन के प्रभारी नौशाद बक्श, रमा महानंद, टिकेश्वरी मिरी, हेमलता शर्मा, प्रिया दुबे, जीतू सोनी, बृजलाल टंडन आदि मौजूद थे। 


अन्य पोस्ट