महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 फरवरी। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिरकोनी की छात्राओं को छत्तीसगढ़ की जीवनदायनी नदी महानदी के सब्जी और फल की बाडडिय़ों का अवलोकन व्याख्याता परस राम सिन्हा के मार्गदर्शन में करवाया गया। कृषक संतराम चक्रधारी, मोतिम चक्रधारी के बाड़ी में लगे खीरा, बरबट्टी, तरोई, तरबूज, खरबूज, ककड़ी आदि फसलों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
संतराम चक्रधारी ने बताया कि रेत में पहले गड्डा कर गोबर खाद भरा जाता है। फिर बीज डालकर पौधरोपण किया जाता है। समय-समय पर इन पौधों में रासायनिक खाद डाला जाता है। कुछ फसल तीस से चालीस दिन, कुछ फसल साठ से सत्तर दिन में तैयार हो जाती हैं। फिर मंडी वाले नदी में ही पहुंच कर इन फसलों को बाजार तक पहुंचाते हैं।
इन फसलों में पानी डालने की आवश्यकता नहीं पड़ती। पौधे अपने से ही नदी के पानी का अवशोषण कर लेते हैं। फसल के लिए जैविक और रासायनिक दोनों ही खाद का उपयोग किया जाता है। तारिणी साहू, सिमर कोशले, गीतांजलि बांधे, यामिनी साहू, कुंती साहू, योगिता चंद्राकर, माही गायकवाड़, खुशबू चेलक, माया जोशी, जागृति साहू, मोनिका डहरिया ने रेत में होने वाली फसलों के संबंध में कृषक से अपने सवाल पूछे। इन सवालों का कृषक ने कुशलता पूर्वक जवाब देकर शंका समाधान किया।
संस्था के प्रभारी प्राचार्य टामेश्वरी साहू ने कहा कि ऐसे क्रियाकलापों से छात्राओं के ज्ञान में वृद्धि होगी। व्याख्याता रागिनी चंद्राकर, अनुपमा मानिकपुरी, संतराम साहू, चित्रसेन साहू, श्रवण कुमार सिन्हा, मनहरण लाल भट्ट, शिक्षक रेणुका चंद्राकर, महेंद्र ध्रुव, भानेंद्र सिंह बिसेन, कार्यालयीन कर्मचारी केशव कन्नौजे, मनीषा राजपूत, दुलारी सहिस, सुरेखा मिश्रा ने इस कार्य को सराहा।