महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 जुलाई। लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देश और कलेक्टर के अनुमोदन के बाद जिला शिक्षा अधिकारी डीईओ महासमुंद ने जिले में लंबे समय से संलग्न अटैच 16 शिक्षकों और व्याख्याताओं का संलग्नीकरण तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया है। डीईओ के जारी आदेश के तहत इन सभी को प्रशासनिक व शैक्षणिक कार्यालयों से कार्यमुक्त कर उनकी मूल शालाओं में भेज दिया गया है। इससे कार्यालयीन व्यवस्था बेपटरी हो चुकी है।
गौरतलब हैकि शासन के इस फैसले के दो पहलू देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां अपने मूल स्कूलों में लौटने से संबंधित शालाओं को विषय विशेषज्ञ शिक्षक मिल जाएंगे और विद्यार्थियों की पढ़ाई में सुधार होगा, वहीं दूसरी तरफ शिक्षा विभाग के विभिन्न प्रशासनिक और मैदानी कार्यालयों का कामकाज बुरी तरह प्रभावित होने की आशंका बड़ी हो गई है। दरअसल जिला शिक्षा कार्यालय, बीआरसी नवकिरण अकादमी और बीईओ कार्यालयों में ये शिक्षक एपीसी, एडीपीओ, प्रभारी सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी जैसे अहम पदों की कमान संभाल रहे थे।
शासन ने बिना कोई वैकल्पिक स्टाफ तैनात किए या पूर्व व्यवस्था बनाए इन्हें मूल पदस्थापना स्थल पर भेजने का आदेश जारी कर दिया है। अचानक हुए इस बदलाव से इन कार्यालयों में फड़लों का अंबार लगने और विभागीय कामकाज ठप होने की स्थिति निर्मित हो गई है।
जिला प्रशासन के नवकिरण अकादमी व जिला ग्रंथालय में 6 शिक्षकों को संलग्न किया गया था। अकादमी के जिला समन्वयक समेत ग्रंथपाल व अन्य कार्यालयीन कार्य के लिए इन्हें यहां साल 2021 से संलग्न किया गया था। पांच साल से ये मूल स्कूल की बजाय अकादमी में सेवा दे रहे थे। इनके मूल स्कूल में जाने से अकादमी संचालन अव्यवस्थित हो चुकी है। इसका भार कलेक्टर दर में कार्यरत दो स्टाफ कम्प्यूटर ऑपरेटर और भृत्य पर आ चुकी है। यहां प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में जुटे युवाओं के भविष्य को देखते हुए जल्द व्यवस्था बनाने की आवश्यकता लोग महसूस कर रहे हैं। यहां ग्रंथपाल नहीं होने से किताबें नहीं मिल पा रही है। इसी तरह सभी दफ्तरों में भी सन्नाटा पसरा हुआ है।
इस मामले में डीईओ बीएल देवांगन का कहना है कि अभी तक कार्यालयीन कामकाज के लिए व्यवस्था नहीं बन पाई है। कलेक्टर से चर्चा कर जल्द ही व्यवस्था बनाई जाएगी। रिक्त पदों की पूर्ति होने तक अतिरिक्त प्रभार सौंप जा सकते हंै।
अपने स्कूलों को वापस लौटे 16 अधिकारी-शिक्षकों में सुबोध कुमार तिवारी एपीसी, प्रमोद कनौजे एडीपीओ और हर्षिता चंद्राकर एपीसी, विकासखंड शिक्षा कार्यालय रामता मनाडे प्रभारी एबीईओ बागबाहरा, पूर्णनिंद मिश्रा प्रभारी एबीईओ पिथौरा, जागेश्वर सिन्हा डीईओ आफिस महासमुंद, भुपेश्वरी साहू बागबाहरा, नरेश पिथौरा, अनिल साव बसना, देवानंद सरायपाली,नवकिरण अकादमी महासमुंद से डी बसंत कुमार साव, यश कुमार चक्रधारी, विवेक कुमार चंद्राकर, परस कुमार, भागवेत प्रसाद पटेल और रितेश नायक शामिल हैं।