महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 जुलाई। शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय, महासमुंद के वनस्पति शास्त्र विभाग द्वारा पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन एवं प्राकृतिक वनस्पतियों के पुनस्र्थापन के उद्देश्य से सीड बॉल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर करुणा दुबे की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का मार्गदर्शन वनस्पति शास्त्र विभागाध्यक्ष एवं वनस्पति शास्त्र विशेषज्ञ डॉ.ईपी चेलक द्वारा किया गया।
इस अवसर पर वनस्पति शास्त्र विशेषज्ञ डॉ.ईपी चेलक ने सीड बॉल की वैज्ञानिक उपयोगिता एवं पर्यावरण संरक्षण में इसकी भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सीड बॉल तकनीक प्राकृतिक रूप से पौधों के पुनर्जनन एवं हरित आवरण के विस्तार की एक सरलए कम लागत वाली तथा पर्यावरण अनुकूल विधि है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में वनों की कमी, जैव विविधता का ह्रास, भूमि क्षरण एवं जलवायु परिवर्तन जैसी पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच स्थानीय एवं देशज प्रजातियों के संरक्षण तथा उनके प्राकृतिक प्रसार को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान वनस्पति शास्त्र विभाग द्वारा वैज्ञानिक विधि से तैयार की गई सीड बॉल्स का छात्र-छात्राओं के मध्य वितरण किया गया। इन सीड बॉल्स में क्षेत्र की जलवायु एवं स्थानीय पारिस्थितिकी के अनुकूल विभिन्न उपयोगी एवं देशज वृक्ष तथा फलदार पौधों की प्रजातियों के बीजों का उपयोग किया गया।
इनमें नीम,करंज,जामुन,सीताफल,इमली,अमरूद,बहेड़ा,अर्जुन, तेंदू आदि प्रमुख प्रजातियां शामिल हैं।
डा. ई पी चेलक ने बताया कि सीड बॉल तैयार करने के लिए सामान्यत: उपजाऊ मिट्टी चिकनी मिट्टी तथा कम्पोस्ट या वर्मी कम्पोस्ट का उपयोग किया जाता है। इन सामग्रियों को उचित अनुपात में मिलाकर चयनित पौधों के बीजों को इसमें रखा जाता है और छोटे-छोटे गोल आकार की गेंदें बनाई जाती हैं। इन्हें छाया में सुखाने के बाद वर्षा ऋतु में उपयुक्त स्थानों पर रखा या हल्के रूप से मिट्टी में दबाया जाता है। वर्षा का जल सीड बॉल की बाहरी परत को नम करता है, जिससे अनुकूल परिस्थितियों में बीज अंकुरित होकर पौधे के रूप में विकसित होने लगते हैं।
उन्होंने बताया कि मानसून अथवा वर्षा ऋतु सीड बॉल के रोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय है। विद्यार्थियों को निर्देशित किया गया कि वे इन सीड बॉल्स को अपने-अपने गांवों, खेतों की मेड़, सडक़ किनारे, खाली भूमि, बंजर क्षेत्रों एवं अन्य उपयुक्त स्थानों पर वितरित एवं रोपित करें। इससे प्राकृतिक पुनर्जनन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय जैव विविधता एवं हरित आवरण के संरक्षण में योगदान दिया जा सकता है।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता संवर्धन के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें अपने आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय पर्यावरणीय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। वनस्पति शास्त्र विभाग की यह पहल बीज से पौधा, पौधे से वन और वन से समृद्ध जैव विविधता की अवधारणा को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम का संदेश था कि प्रत्येक व्यक्ति यदि एक बीज को पौधे में बदलने की जिम्मेदारी लें तो सामूहिक प्रयासों से पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण परिवर्तन लाया जा सकता है। इस अवसर पर डा. मालती तिवारी, विभागाध्यक्ष राजनीति शास्त्र, दिलीप कुमार बढ़ाई, विभागाध्यक्ष भूगोल, अजय कुमार देवांगन, प्रो. प्रदीप कन्हैर,सरस्वती सेठ, प्रियंका सोनवानी, राजेश्वरी सोनी तथा महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।