महासमुन्द
कांग्रेस ने दिया समर्थन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 जुलाई। दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्रों के समर्थन और केंद्र सरकार की छात्र विरोधी नीतियों के खिलाफ कल महासमुंद के युवाओं और छात्र-छात्राओं का जबरदस्त आंदोलन देखने को मिला। युवाओं पर हो रहे अत्याचार, नीट पेपर लीक घोटाले और हक की आवाज उठाने वाले विद्यार्थियों पर किए गए बर्बर लाठीचार्ज के विरोध में कल शहर में एक विशाल युवा आक्रोश मशाल रैली निकाली गई। यह रैली स्थानीय लोहिया चौक से शुरू होकर अंबेडकर चौक तक पहुंची। जिसमें युवाओं, छात्र-छात्राओं के साथ-साथ उनके पालकों अभिभावकों ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लेकर अपनी एकजुटता दिखाई।
युवाओं और छात्रों के इस न्यायपूर्ण आंदोलन को जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद ने अपना पूरा समर्थन दिया है। आंदोलन को बल देने के लिए खल्लारी विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ.रश्मि चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष केशव चंद्राकर, अमन चंद्राकर, निर्मल जैन, अक्षय साकरकर, पार्षद मुस्ताक खान विक्की सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने लोहिया चौक पहुंचकर युवाओं के मांगों को जायज ठहराया।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि दिल्ली में अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्र.छात्राओं पर सरकार द्वारा लाठीचार्ज करवाना और उन्हें खदेडऩा बेहद निंदनीय है। सरकार अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए देश के भविष्य छात्रों पर हिंसक होने का झूठा लांछन लगा रही है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार को अपना अहंकार त्याग कर देश की चरमरा चुकी शिक्षा व्यवस्था में तुरंत व्यापक सुधार करना होगा।
मशाल रैली में शामिल आक्रोशित युवाओं और छात्र-छात्राओं ने साफ शब्दों में कहा कि ष्देश का युवा अब एक बेहतर पारदर्शी और सुरक्षित शिक्षा व्यवस्था चाहता है। हम अब और शांत बैठने वाले नहीं हैं। हम नहीं चाहते कि भविष्य में इस भ्रष्ट सिस्टम की वजह से देश का कोई और छात्र आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो या किसी के भविष्य की बलि चढ़े। युवाओं ने संकल्प लिया कि जब तक सरकार उनकी मांगें पूरी नहीं करती, तब तक यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है। रैली के दौरान युवाओं ने हाथों में जलती हुई मशालें और तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।