महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,25 जुलाई। एक पुराने मामले में बसना थाना पुलिस ने 274 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा तस्करी के आरोप में शातिर फरार आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। उन पर आरोप ह ैकि मूवर्स एंड पैकर्स की आड़ में गांजे की खेप लोड करवाने और सौदेबाजी में मुख्य भूमिका निभाई थी। पिछले कई महीनों से वह अपनी पहचान और ठिकाने बदलकर फरार था। मालूम हो कि 28 फरवरी 2026 को थाना बसना क्षेत्र के पलसापाली बैरियर पर चेकिंग के दौरान एक अशोक लिलैंड वाहन से विश्वास मूवर्स एंड पैकर्स के पुराने घरेलू सामान के नीचे छिपाकर 274 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया था और मौके से आरोपी चालक रोशन यादव को गिरफ्तार किया गया था।
इस प्रकरण की इंड-टू-इंड विवेचना करते हुए पुलिस ने पूर्व में ओडि़शा के गांजा सप्लायर राजू महानंद को12 मार्च 2026 को और इस हाईटेक गांजा तस्करी सिंडिकेट के मुख्य मास्टरमाइंड तथा विश्वास मूवर्स एंड पैकर्स के संचालक अजीत शर्मा उर्फ दीवाना सेठ को दिनांक 12 मई को गुजरात से गिरफ्तार किया था। इस पूरे तस्करी नेटवर्क में राजस्थान निवासी राकेश गड़सा भी मुख्य सरगना अजीत शर्मा का प्रमुख सहयोगी था।
पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों के बयान के मुताबिक घटना के समय राकेश गड़सा ओडि़शा के भवानीपटना स्थित राजू महानंद के ढाबे पर मौजूद था। उसी ने सप्लायर से सौदेबाजी करने, 274 किलोग्राम गांजे को 9 बोरियों में पैक करवाने और वाहन में ग्राहकों के घरेलू सामान के साथ ठीक नीचे लोड करवाने की पूरी साजिश रची थी लेकिन पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही वह अपना पुराना मोबाइल फेंककर पिछले कई महीनों से अपनी पहचान और ठिकाने बदल-बदलकर फरार चल रहा था।
महासमुंद पुलिस थाना बसना और साइबर सेल की टीम लगातार इस फरार आरोपी की तकनीकी रूप से पतासाजी कर रही थी। इसी बीच कल 24 जुलाई को मुखबिर से मिली सटीक सूचना और साइबर सेल के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राकेश गड़सा को हरियाणा में घेराबंदी कर धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया है। आरोपी के पास से वर्तमान में उपयोग किया जा रहा मोबाइल विधिवत जप्त किया गया है। आरोपी को धारा 20 ख और 29-1 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।