31 नहीं 23 सौ क्विंटल से बिक रहा धान, बारदाने की कमी है...
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 दिसंबर। पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव, पूर्व विधायक बसना देवेंद्र बहादुर सिंह, पूर्व विधायक द्वय विनय जायसवाल और विनोद चंद्राकर ने कल महासमुंद जिले के अनेक धान खरीदी केंद्रों में जाकर धान बेचने आए किसानों से उनकी समस्याएं सुनी। इस दौरान किसानों से आधा बारदाने की मांग, वन पट्टा प्राप्त किसानों का धान नहीं खरीदने, 3100 की जगह मात्र 2300 रुपए भुगतान करने, सूखत की आड़ में किसानों से अधिक धान लेने, ऑनलाइन टोकन नहीं मिलने, टोकन के लिए चॉइस सेंटरों में समय, श्रम और राशि खर्च होने जैसी समस्याएं बताई।
जानकारी अनुसार पीसीसी के निर्देश पर कल प्रदेश भर में कांग्रेस नेता धान खरीदी केंद्रों में जाकर किसानों से रू-ब-रू हुए। धान खरीदी को लेकर उनके समक्ष आने वाली परेशानियों को सुना। इसी तारतम्य में पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव कल स्थानीय कांग्रेसजनों के साथ पिथौरा और राजाडेरा धान खरीदी केंद्र पहुंचे। सिंहदेव ने धान बेचने आए किसानों से बात की। किसानों ने उन्हें बताया कि सोसायटी में उन्हें बिक्री योग्य धान का आधा बारदाना लाने के लिए कहा जा रहा है। उन्होंने बताया कि किसान इतनी बड़ी मात्रा में बारदाने कहां से लाएंगे। जैसे-तैसे बाजार से प्रति बारदाना 40 रुपए में खरीदकर लाते हैं तो शासन इसके एवज में हमें 25 रुपए प्रदान करता है। यानी एक बारदाने में किसान को 15 रुपए का घाटा हो रहा है। इसी तरह अनेक किसानों ने वन पट्टा वाली जमीन का धान नहीं खरीदे जाने की शिकायत भी की। सिंहदेव के साथ विधायक यादव धान खरीदी केंद्रों में 25-25 मिनट रुके।
इस दौरान नपं अध्यक्ष पिथौरा आत्माराम यादव, कांग्रेस नेता मुकेश यादव, करण दीवान, प्रदेश सचिव नरेंद्र सेन, बुद्धेश्वर डडसेना आदि साथ थे। इसके पूर्व सिंहदेव ने विश्राम गृह में पार्टी कार्यकर्ताओं से भेंट की। इधर महासमुंद विधानसभा क्षेत्र के बिरकोनी, तुमगांव, झलप, पटेवा खरीदी केंद्रों में अभियान प्रभारी पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर व विनय जायसवाल पहुंचे। वहां भी सूखत के नाम पर अधिक धान लेने, बारदाना नहीं लाने पर धान नहीं खरीदने, 3100 की जगह मात्र 2300 रुपए प्रति क्विंटल का भुगतान करने, नमी मापक यंत्र से नमी बताकर ज्यादा धान तौलने आदि शिकायतें किसानों ने कांग्रेस नेताओं के समक्ष रखी। केंद्रों से एक दाना धान का उठाव नहीं होने की शिकायत तो अनेक केंद्रों में किसानों ने की। चंदाकर ने कहा कि खरीदी केंद्रों में भारी अव्यवस्थाएं सामने आई है। किसानों को परेशान किया जा रहा है। धान खरीदी केंद्रों में टोकन नहीं कट रहा है। किसानों से सूखत के नाम पर अधिक धान लिया जा रहा है।
विनोद चंद्राकर ने बताया कि धान खरीदी केंद्रों से एक दाना धान का उठाव नहीं किया गया है। खरीदी केंद्रों की स्थिति देखकर ऐसा लग रहा है कि राज्य सरकार किसानों से खरीदना नहीं चाहती। सभी सोसायटियों में बारदाने की भारी किल्लत है। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी दाऊलाल चंद्राकर, अरूण चंद्राकर, महामंत्री संजय शर्मा, पूर्व मंडी अध्यक्ष हीरा बंजारे, पार्षद गजेंद्र साहू, गौतम सिन्हा पार्षद, विजय बांधे, केके साहू पार्षद तुमगांव, शैलेंद्र सेन पार्षद, लक्ष्मण पटेल जिपं उपाध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष ढेलू निषाद, जिपं सभापति अमर चंद्राकर, हेमंत डडसेना, खिलावन साहू ब्लाक अध्यक्ष, मोहित ध्रुव, नजरूद्दीन भाटी, धर्मेंद्र धीवर, राजेश चंद्राकर, दारा साहू, जय पवार, पार्षद अमन चंद्राकर, बबलू हरपाल, आवेज खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।