महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 दिसंबर। ग्राम पंचायत आमगांव में रविवार को क्षेत्र के 20 गांवों की एक महापंचायत का आयोजन किया गया। जिसका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में हो रही शराब की अवैध तस्करी व नशे की चीजों का प्रतिबंध लगाना था। महापंचायत में लोगों ने कहा कि शासन-प्रशासन उक्त मामले में चुप बैठने की वजह से क्षेत्रवासियों को एकजुट होकर महापंचायत के लिये कदम उठाना पड़ा।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि आजकल गांव-गांव में बन रही अवैध शराब से छोटे-छोटे बच्चे जो स्कूल जाते हैं, वे भी शराब के आदी हो रहे हैं। जिसके कारण आने वाले समय में इन बच्चों, युवाओं पर बुरा असर पड़ सकता है। अभी भी हम लोगों के पास समय है कि आने वाली पीढिय़ों को सुधार सकें। यदि हम शासन-प्रशासन की राह देखते रहें, तो अपने बच्चों को खो बैठेंगे। इसलिए हमें यह नशा मुक्त अभियान चलाना जरुरी है।
बैठक में अध्यक्ष साधराम पटेल, अध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार दीवान सरपंच ग्राम पंचायत आमगांव, सह सचिव रामकुमार ठाकुर, संचालक सीताराम चौधरी, भूपेन्द्र बारिक, अमरध्वज यादव सरपंच ग्राम पंचायत ढेबीखार, पुरुषोत्तम प्रधान, भागवत प्रसाद, परदेशी, अशोक, इन्दल दीवान व 20 गांवों के सदस्यों की उपस्थिति रही।