महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 दिसंबर। बुधवार को बसना विकासखंड के ग्राम आमापाली में एक किराना व्यापारी के दुकान में छापा मार करवाई कर रबी फसल का रखा हुआ 42 पैकेट अवैध धान जब्त किया गया।
कृषि उपज मंडी समिति बसना के सचिव श्रवण कुमार कुरुवंशी से मिली जानकारी के अनुसार अनुविभागीय अधिकारी मनोज कुमार खांडे एवं तहसीलदार ममता सिंह ठाकुर के निर्देश पर सूचना के आधार पर बसना के ग्राम आमापाली में एक फुटकर व्यापारी सोहन बंजारा 40 साल के किराना दुकान में छापामार कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के दौरान किराना दुकान में रखी रबी फसल का 42 पैकेट धान जब्त किया गया।
उल्लेखनीय है कि बसना ब्लॉक के समीप ओडि़शा सीमा लगी है। जहां से कम रेट में ओडि़शा से धान लाकर छग के समर्थन मूल्य में बेचकर मुनाफ ा कमाने का काम चल रहा है। धान माफिया, कोचिये इसमें लगे हुये हैं।
बसना ब्लॉक क्षेत्र में संभवत: हर सप्ताह छापा मारकर अवैध धान पकड़ा जा रहा है। जिसके कई प्रकरण दर्ज हो चुके हैं। कल वाले मामले में बंजारा फुटकर एवं लघु व्यापारी है, जिसे एक फसल का 10 क्विंटल धान रखने की अनुज्ञप्ति मंडी अधिनियम के प्रावधान के तहत प्रदान की गई है। लेकिन 10 क्विंटल से अधिक धान उसके किराना दुकान में पाए जाने पर उसे जब्त किया गया। जब्ती धान को सोहन बंजारा के सुपुर्द किया गया है।
अत: जब तक समर्थन मूल्य में छत्तीसगढ़ शासन की धान खरीदी जारी रहेगी तब तक 42 पैकेट धान सोहन बंजारा कहीं भी नहीं बेच सकता। धान खरीदी व्यवस्था संपन्न होने के बाद ही वह अपने धान को कहीं भी बेच सकता है।