महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 दिसंबर। महासमुंद शहर में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। पिछले तीन दिनों से घरों का कचरा नहीं उठा है। दो दिनों बाद कल शाम नलों से पीने का पानी सप्लाई हुआ है। दो दिनों तक नलों में पानी नहीं आने से शहर में हाहाकार मच गया था। छत्तीसगढ़ में खबर प्रकाशन के बाद प्रशासनिक दखल हुआ तब जाकर पालिका की व्यवस्था पटरी पर आई। इसकी वजह नगर पालिका अध्यक्ष और पूर्व पार्षद के बीच विवाद को बताई जा रही है। इस झगड़े के चलते 2-3 दिसंबर की दरमियानी रात 12-1 बजे टंकियों का वाल्व खोलकर कई हजार गैलन पानी बहा दिया था। 2 दिसंबर की शाम शहर की स्ट्रीट लाइट भी बंद कर दी गई थी।
बताना जरूरी है कि पालिका अध्यक्ष और पूर्व पार्षद पंकज साहू के बीच मारपीट के बाद अध्यक्ष के समर्थन में पालिका कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दिया है। वे पूर्व पार्षद पंकज साहू की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। कार्रवाई नहीं होते देख कर्मचारियों ने शहर के लोगों को बिजली-पानी बंद कर दी थी। शहर के लोगों के विरोध और प्रशासन के दखल के बाद कल शाम पानी मुहैया कराई गई है लेकिन कचरे वाली गाडिय़ां आज भी सुबह मुहल्ले में नहीं पहुंची है।
शहर में हंगामा होते देख बगैर देरी किए प्रशासन ने महासमुंद सीएमओ विजय पांडे को हटा दिया है। नगर पंचायत तुमगांव के सीईओ एस खीरसागर को नगर पालिका महासमुंद सीएमओ की कुर्सी पर बिठाया गया है। अभी-अभी जानकारी मिली है कि इस मामले में नगर पालिका के जल प्रभारी सीताराम चेलक समेत 6 लोगों के निलंबन की संभावना है। बहरहाल जल प्रभारी सीताराम चेलक का मोबाइल नंबर बंद है और नपा सीएमओ विजय पांडे भी मोबाइल बंद रखकर अवकाश पर चले गये हैं। इस तरह दो गुटों की आपसी विवाद से उपजी अव्यवस्था का शिकार शहर के लोगों को होना पड़ रहा है। शहर में जानबूझकर बिजली पानी की आपूर्ति बंद होने शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
कल दोपहर नगर पालिका के भाजपा पार्षदों ने एक प्रेस कांफ्रेंस ली। उन्होंने साफ कहा कि पालिका अध्यक्ष द््वारा अपनी छवि चमकाने की भावना के चलते शहर की जनता के हितों से खिलवाड़ किया जा रहा है। पार्षदों ने कहा कि नगर पालिक पांच टंकियों का वाल्व खोलकर लाखों लीटर पानी बहा दिया। मूलभूत सुविधाओं घटनाओं को भाजपा बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति की ड्यूटी टंकी से पानी सप्लाई करने लगी थी उसकी बर्खास्तगी की मांग करेंगे। यह महासमुंद नगर पालिका अध्यक्ष और पूर्व पार्षद की 12 साल पुरानी आपसी रंजिश का खामियाजा शहर के 80 हजार आबादी को भुगतना पड़ रहा है। मालूम हो कि महासमुंद नगर पालिका परिषद में 27 नवंबर की शाम पालिका परिसर में अध्यक्ष राशि महिलांग और पूर्व पार्षद पंकज साहू के बीच मारपीट की घटना हुई थी। घटना के बाद दोनों ने एक दूसरे के खिलाफ सिटी कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई थी।