महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 दिसंबर। धान खरीदी केंद्र चलो अभियान के तहत क्षेत्रीय विधायक चातुरी नंद ग्राम तोषगांव, जंगलबेड़ा और तोरेसिंहा धान खरीदी खरीदी केंद्रों में पहुंचीं और धान खरीदी का निरीक्षण कर किसानों की समस्याओं से रूबरू हुईं।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने तौलाई में अधिक मात्रा में धान लेना पाया और मौके पर ही शाखा प्रबंधकों को व्यवस्था दुरुस्त कर निर्धारित मात्रा में तौल कराने का निर्देश दिया। उन्होंने निम्न स्तर के बरदाना पाए जाने पर भी नाराजगी जाहिर की और गुणवत्तापूर्ण बारदाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिये।
इस संबंध में विधायक चातुरी नंद ने बताया कि प्रदेश में जब से भाजपा की सरकार आई है तब से किसान परेशान हैं। कांग्रेस की सरकार थी तब राज्य में रिकॉर्ड तोड़ धान खरीदी की गई और कभी किसानों को परेशानी नहीं हुई। लेकिन साय के सुशासन के दौरान किसानों के रकबे में कटौती कर किसानों को परेशान किया जा रहा है। यह सरकार धान बेचने के लिए किसानों को बारदाना तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है। उन्होंने भाजपा सरकार पर किसानों के साथ छलावा करने का आरोप लगाते हुए किसानों को राजीव गांधी किसान न्याय योजना की चौथी किश्त का भुगतान जल्द करने की मांग की। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में पड़ोसी राज्य ओडिशा से धान तस्करी पर विधायक के साथ आदिवासी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मोहन लाल भोई, जनपद सदस्य सरिता प्रधान, पार्षद सुरेश भोई, वरिष्ठ कांग्रेस नेता निर्मल प्रधान, संजय प्रधान, हीरालाल प्रधान, अरमान हुसैन, दिलीप साहू सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस पर चातुरी नंद ने कहा है कि धान कोचिए क्षेत्र में सक्रिय हैं। ये मंडी, खरीदी केंद्र प्रभारियों और बैरियर के कर्मचारियों से मिलीभगत कर बड़े पैमाने पर अवैध धान खपा रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन पर अवैध धान तस्करों को शह देने का भी आरोप लगाया है।