‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 मार्च। रविवार को जिला भाजपा कार्यालय महासमुंद में भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक सम्पन्न हुई। जिसमें संभाग और जिला संगठन प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू, पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विमल चोपड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा किशन पटेल, उपाध्यक्ष भीखम ठाकुर, पूर्व विधायक प्रीतम दीवान सहित मंचस्थ पदाधिकारियों ने बैठक का विधिवत शुभारंभ किया।
जिला कार्यसमिति बैठक की प्रस्तावना रखते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने कहा कि विगत दिनों सम्पन्न हुए नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायतीराज के चुनावो में भाजपा को मिली सफलता भाजपा की सुशासन और केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार के
जनकल्याणकारी कार्यो का परिणाम है। जिलाध्यक्ष ने भाजपा जिला महासमुंद में जिला पंचायत, जनपद पंचायत, नगर पालिका, नगर पंचायत में सर्वाधिक संख्या में भाजपा को मिली सफलता की बधाई देते हुए कहा कि जिले में सर्वाधिक संख्या में भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों का चुना जाना सभी की एकजुटता परिश्रम और कार्यकुशलता का परिचायक है।
जिला संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के कुशल नेतृत्व और परिश्रम की सराहना करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि आगामी दिनों में हम सभी सामंजस्य बनाकर एकजुटता से संगठनात्मक कार्यो को गति प्रदान करेंगे। बैठक के मुख्यवक्ता संभाग एवम जिला प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि आगामी 30 मार्च को बिलासपुर के बिल्हा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा की विस्तृत जानकारी दी।
पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू ने अपने सम्बोधन में कहा कि गांव, गरीब, मजदूर, किसान, युवा, महिला सहित सभी वर्गों की विकास की कल्पना को भाजपा की सरकार ने पूरा किया है। केंद्र और राज्य में भाजपा की डबल इंजन की सरकार में अब स्थानीय निकायों और जिला जनपदचुनाव में भाजपा को मिला जनसमर्थन तीसरी इंजन का काम करेगी और प्रदेश के विकास को और अधिक गति मिलेगी। शहीद दिवस के अवसर पर हुए जिला बैठक में देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों को न्योछावर करने वाले अमर वीर शहीद भगतसिं, राजगुरु और सुखदेव को उपस्थितजनों ने श्रद्धांजली दी। बैठक के दौरान मंचस्थ पदाधिकारियों ने जिला और जनपद पंचायत, नगर पालिका, नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष का सम्मान कर उन्हें शुभकामनाएं दी।
पश्चात शहर के वार्ड 10 में स्थित शहीद भगत सिंह चौक में श्रद्धांजलि दी। बैठक का संचालन जिला महामंत्री प्रदीप चंद्राकर और आभार जिला कोषाध्यक्ष थानसिंग दीवान ने किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ एन के अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, जितेंद्र त्रिपाठी, मोनिका साहू, माटी कला बोर्ड के पूर्व सदस्य चंद्रशेखर पांडे सहित भाजपा जिला कार्यसमिति, भाजपा मंडलों के अध्यक्ष महामंत्री, मोर्चा प्रकोष्ठ के जिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।