महासमुन्द

महतारी वंदन योजना: ई-केवाईसी के लिए केंद्रों पर भीड़, तकनीकी समस्याओं की शिकायत
29-Apr-2026 4:10 PM
महतारी वंदन योजना: ई-केवाईसी के लिए केंद्रों पर भीड़, तकनीकी समस्याओं की शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 29 अप्रैल। राज्य शासन की महतारी वंदन योजना के तहत हितग्राहियों द्वारा ई-केवाईसी कराने के लिए इन दिनों पंचायतों और च्वाइस सेंटरों में भीड़ देखी जा रही है। सुबह से ही महिलाओं की कतारें लग रही हैं।

हितग्राहियों का कहना है कि प्रक्रिया के दौरान उन्हें तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कई महिलाओं के अनुसार, लंबे समय तक प्रतीक्षा के बाद नंबर आने पर सर्वर काम नहीं करता।

इस संबंध में च्वाइस सेंटर संचालकों ने भी तकनीकी दिक्कतों की बात कही है। एक संचालक ने बताया कि पूरे प्रदेश में एक साथ ई-केवाईसी प्रक्रिया चलने से पोर्टल पर दबाव बढ़ गया है, जिससे गति धीमी हो गई है। ग्राम लाफिन खुर्द के च्वाइस सेंटर संचालक लोकनाथ साहू के अनुसार, जिन मामलों में आधार और महतारी वंदन पोर्टल के डाटा में नाम या जन्मतिथि में अंतर है, वहां ई-केवाईसी रिजेक्ट हो रही है। यह पूरी प्रक्रिया सिस्टम आधारित है, इसलिए सुधार करना हमारे स्तर पर संभव नहीं है।

कुछ महिलाओं ने डाटा मिसमैच की समस्या उठाई है। राजेश्वरी साहू ने बताया, शादी के बाद आधार में नाम सुधार कराया था, लेकिन महतारी वंदन के फॉर्म में पुराना नाम दर्ज है। अब डाटा मेल नहीं हो रहा है, समझ नहीं आ रहा कि सुधार कहां कराएं।

ग्राम लाफिन खुर्द की केतकी बाई ने कहा, मैं दो दिनों से च्वाइस सेंटर आ रही हूं, लेकिन कभी लिंक फेल होता है तो कभी सर्वर नहीं चलता।

अन्य हितग्राहियों ने भी बताया कि ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी होने में कई घंटे लग रहे हैं। कुछ मामलों में बुजुर्ग महिलाओं के फिंगरप्रिंट सत्यापन में भी समस्या आने की बात कही गई है।

महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी टिकवेंद्र जटवार ने बताया कि आधार संबंधी डाटा मिसमैच का राज्य स्तर पर ऑटो-करेक्शन किया गया है। ई-केवाईसी रिजेक्ट होने पर दो दिन बाद पुन: प्रयास करें। जेंडर सुधार के लिए विभागीय आईडी का उपयोग किया जाएगा।

जिला प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, महतारी वंदन योजना के तहत जिले में कुल 3,03,808 हितग्राहियों का ई-केवाईसी किया जाना है। इनमें से 1,57,359 हितग्राहियों का ई-केवाईसी पूर्ण किया जा चुका है। शेष हितग्राहियों का ई-केवाईसी 30 जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

अधिकारियों के अनुसार, शेष हितग्राहियों के लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि प्रक्रिया को पूरा किया जा सके। हितग्राहियों से अपील की गई है कि वे नजदीकी शिविरों में जाकर ई-केवाईसी कराएं और किसी भी जानकारी की पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से करें।


अन्य पोस्ट