महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 अप्रैल। बसना-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर मंगलवार को हुए सडक़ हादसे में गंभीर रूप से घायल ग्राम जीराडबरी निवासी युवक ने बुधवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक व्याप्त है। जानकारी के अनुसार ग्राम जीराडबरी निवासी गुरुचरण मलिक पिता प्रमोद मलिक मंगलवार दोपहर अपनी मोटरसाइकिल से बसना आ रहा था।
जैसे ही वह गांव की सडक़ से मुख्य मार्ग में मुडक़र बसना की ओर बढ़ा, उसी दौरान बसना से बिलासपुर की ओर जा रही सिंघोड़ा थाना की पुलिस स्कॉर्पियो ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पेड़ से जा टकराई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना लाया गया।
जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए नगर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। बुधवार दोपहर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया गया है कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो सिंघोड़ा थाना प्रभारी का था, जो शासकीय कार्य से बिलासपुर जा रहे थे। हादसे के बाद वाहन क्षतिग्रस्त होने के कारण वे अन्य वाहन से रवाना हो गए। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।


