महासमुन्द

इस गर्मी महासमुंद में रोज सवा करोड़ लीटर पानी खपत का अनुमान
17-Mar-2025 2:23 PM
इस गर्मी महासमुंद में रोज सवा करोड़ लीटर पानी खपत का अनुमान

प्रदेश की एकमात्र पालिका जहां हर दिन 3 बार खुलता है नल 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद,17 मार्च।
इस ग्रीष्मकाल में महासमुंद शहर में पानी की खपत 1 करोड़ 20 लाख लीटर प्रतिदिन जा सकती है। क्योंकि इस सीजन में  अभी से ही घरों और दफ्तरों में एसी कूलर चलने लगे हैं। शीतल पेय की दुकानों में भी पानी की सर्वाधिक खपत होती है।

मिली जानकारी के अनुसार शहर में कुल 7 पानी टंकियां हैं। जिसके माध्यम से शहर में जलापूर्ति होती है। इनमें से 2 टंकियों की क्षमता साढ़े 6 लाख लीटर की है। वहीं 5 टंकियों की क्षमता साढ़े 4 लाख लीटर है। शहर में इन टंकियों से 1 टाइम में 35 लाख लीटर की आपूर्ति की जाती है। यानी 3 टाइम में 105 लाख लीटर पानी प्रतिदिन शहरवासियों को आपूर्ति की जाती है। इसके अलावा भी अनेक स्थानों से बोर से पानी टैंकरों के माध्यम से भेजा जाता है। पिछले साल होली के बाद से 3 टाइम पानी प्रदाय प्रारंभ हो गया था। इस बार जनसंख्या भी बढ़ी है। ऐसे में अब 1 करोड़ 20 लाख लीटर प्रतिदिन पानी की खपत का अनुमान लगाया जा रहा है। चूंकि मौसम वैज्ञानिकों ने इस बार भीषण ग्रर्मी की चेतावनी दी है। ऐसे में पानी की सर्वाधिक खपत होना तय माना जा रहा है। 

जानकारी के अनुसार गर्मी में इस बार भी कुछ ही दिनों में शहरवासियों को 3 टाइम पानी मिलना शुरू हो जाएगा। यानी सुबह शाम के अलावा दोपहर में भी नलों से पानी आएगा। शहरवासियों की सुविधाओं के लिए गत 3 सालों से होली त्योहार पर 3 टाइम पानी दिया जाता है। इस बार भी इस परंपरा को कायम रखने पालिका का प्रयास जारी रखा। मिली जानकारी के अनुसार इस वर्ष भी शहर के नल कनेक्शनधारियों को ग्रीष्म काल के दौरान तीन समय पानी दिया जाएगा। शहर में कुल 8114 नलकनेक्शनधारी हैं। इनमें घरेलू कनेक्शन 5348 और भागीरथी नल जल के 2766 नल कनेक्शन हैं। इन नल कनेक्शन पर शहर आधी आबादी निर्भर है। यह बताना जरूरी है कि महासमुंद नगर पालिका प्रदेश की एकमात्र पालिका है जहां 3 बार पेयजल की सुविधा दी जाती है।

महासमुंद शहर के 30 वार्डों में साढ़े 20 हजार से अधिक मकान हैं। जहां करीब 90 हजार आबादी निवासरत तीन समय पानी मिलने से ग्रीष्म काल में लोगों को बड़ी राहत होगी। हर साल यहां भी गर्मी बढऩे पर पानी की खपत बढ़ जाती है। शहर के विभिन्न स्थानों पर 93 सार्वजनिक बोर और 45 हैंडपंप हैं। जिससे शहर भर में जलापूर्ति की जाती है। नगर पालिका जल विभाग प्रभारी सीताराम तेलक ने बताया कि शहर के 30 वार्डों में फिलहाल 84 लाख लीटर पानी की खपत हो रही है। गर्मी में यह खपत 110 से 120 लाख लीटर तक बढ़ सकती है। इसलिए लोगों का पेयजल संकट से राहत दिलाने तीन समय नल से पानी 15 जून तक दिया जाता है।


अन्य पोस्ट