कांकेर

जिपं के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा का कब्जा
05-Mar-2025 9:43 PM
जिपं के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा का कब्जा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 5 मार्च। जिला पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा की शानदार जीत हुई। अध्यक्ष पद पर भाजपा की किरण नरेटी और  उपाध्यक्ष पद के लिए तारा ठाकुर चुनी गर्इं। कांग्रेस से एक क्रॉस वोटिंग होने से उनके प्रत्याशी को मात्र तीन ही वोट मिल पाया।

भाजपा के किरण नरेटी को  10 मत मिले, जबकि कांग्रेस की झरना ध्रुव को मात्र 3 ही मत मिले। उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा की तारा ठाकुर को 9 और कांग्रेस की सुलोचना मेश्राम को 4 मत प्राप्त हुए।

जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट इस बार महिला आरक्षित थी। जिले की 13 जिला पंचायत सीट में 7 सीट पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी जीतकर आए थे, जबकि 4 सीट पर कांग्रेस को जीत मिली थी, वहीं एक सीट आमआदमी पार्टी व एक निर्दलीय के खाते में गई थी।

जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव परिणाम आने के साथ ही भाजपा से ही अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की जीत का  रास्ता साफ हो गया था। किरण नरेटी को अध्यक्ष पद के लिए 10 वोट मिले, वहीं  कांग्रेस के झरना ध्रुव को  3 वोट ही मिले। अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की ओर से क्रास वोटिंग हुई। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए तारा ठाकुर को 9 और कांग्रेस की सुलोचना मेश्राम को 4 मत मिले।

जीत के बाद जिला पंचायत की नवनिर्वाचित अध्यक्ष किरण नरेटी ने कहा कि जिले के सभी 13 जिला पंचायत सदस्य मिलकर जिले का विकास करेंगे। उन्होंने कहा कि जिले के ग्रामीण इलाकों में अभी भी विकास के कई कार्य शेष है जिन्हें पूर्ण करना उनकी प्राथमिकता होगी।

उपाध्यक्ष पद पर जीतकर आने वाली तारा ठाकुर ने कहा कि भाजपा  आलाकमान ने उन्हें मौका दिया है, जिले के पिछड़े इलाके जहां विकास नहीं हुआ है, वहां तक विकास की गति में तेजी लाने का प्रयास होगा।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news