कांकेर

लक्ष्य शिक्षण संस्थान में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, 10वीं-12वीं में शानदार परिणाम
02-May-2026 12:48 AM
लक्ष्य शिक्षण संस्थान में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, 10वीं-12वीं में शानदार परिणाम

नि:शुल्क कोचिंग का दिखा असर, सभी विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर/शंकरगढ़, 1 मई। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित होते ही लक्ष्य शिक्षण संस्थान में जश्न का माहौल देखने को मिला। संस्थान के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि पर संस्थान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व प्राचार्य डीडी भगत एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में विकलु राम पैकरा उपस्थित रहे। संस्थान के संचालक सुदर्शन यादव एवं अभिभावकों ने अतिथियों का स्वागत किया। अतिथियों ने मेधावी छात्रों को माला पहनाकर सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कक्षा 10वीं में श्रेयश जायसवाल (96.5 प्रतिशत) और अंकिता पैकरा (96.5प्रतिशत) ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। लक्ष्य पैकरा ने 95 प्रतिशत, आशा बेक एवं संजना पैकरा ने 94.23 प्रतिशत, सुदर्शना बेक व अंशु तिर्की ने 92.33प्रतिशत, अतुल यादव व नैतिक ठाकुर ने 91.66 प्रतिशत तथा नुमाइश ने 91.13 प्रतिशत अंक अर्जित किए।

वहीं कक्षा 12वीं में सुखविंदर पैकरा ने 93.8 प्रतिशत अंक के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। स्वाति यादव 92 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय और आकाश 87.4 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहे। कोमल गुप्ता, आदित्य लकड़ा, कैश राजा सहित अन्य विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

संस्थान के संचालक सुदर्शन यादव ने बताया कि पिछले दो वर्षों से बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए शाम 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक निशुल्क कोचिंग संचालित की जा रही थी, जिसका लाभ इस वर्ष 80 विद्यार्थियों को मिला और सभी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। उन्होंने बताया कि वर्तमान में अग्निवीर सेना भर्ती के लिए भी निशुल्क बैच संचालित किया जा रहा है, जिसमें रहने और खाने की व्यवस्था भी नि:शुल्क है। मुख्य अतिथि डीडी भगत ने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन और अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी। अभिभावकों ने संस्थान के शिक्षकों एवं संचालक के प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर देव कुमार यादव, शिवकुमार यादव, प्रकाश बघेल, रामशरण यादव, अमानुल्लाह शाह, नीरज तिर्की, आशीष नरेंद्र उत्तम सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट