कांकेर
घायल के शोर मचाने पर भागे, 5 आरोपी गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 29 अप्रैल। थाना लोहत्तर क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते हत्या की साजिश रचने वाले 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। आरोपियों को हत्या के लिए 20 हजार की सुपारी दी गई थी। आरोपियों के पास से चाकू,मोटरसाइकिल एवं 4 मोबाइल जब्त किया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी लालजी पुड़ो ग्राम तुमरीसूर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 अप्रैल की रात वह एक शादी समारोह से लौट रहा था।
घर के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने उस पर हमला किया, जिससे उसके सिर और हाथ में चोटें आईं। उसे सीएचसी दुर्गूकोंदल में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल कांकेर रेफर किया गया।पुलिस ने बताया कि मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में ज्ञात हुआ कि आरोपी अनिल पुड़ो, राजेश उर्फ राकेश आंचला एवं मनसा नेताम, निवासी ग्राम तुमरीसूर, प्रार्थी लालजी पुड़ो से आपसी रंजिश रखते थे। इसी रंजिश के चलते तीनों आरोपियों ने प्रार्थी की हत्या करवाने 20,000/- में रोहित जैन निवासी शाहकट्टा एवं भुरू उर्फ दिनेश उयके निवासी बसंतनगर भानुप्रतापपुर को सुपारी दी। दोनों आरोपियों द्वारा उस पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। घायल के शोर मचाने पर मौके से फरार हो गए तथा घटना में प्रयुक्त हथियार को पास स्थित खंडहर मकान में छिपा दिया गया।
प्रकरण में हत्या का षड्यंत्र रचना, साक्ष्य मिटाने का प्रयास करना एवं आर्म्स एक्ट के प्रावधान पाए जाने से धारा 61(2), 238 बीएनएस तथा 25, 27 आम्र्स एक्ट जोडकर विवेचना में लिया गया।
इस मामले में अनिल पुड़ो तुमरीसूर,राजेश उर्फ राकेश आंचला तुमरीसूर,मनसा नेताम तुमरीसूर,रोहित जैन निवासी शाहकट्टा थना भानुप्रतापपुर और भुरू उर्फ दिनेश उयके बसंतनगर भानुप्रतापपुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। घटना में प्रयुक्त एक चाकू, एक मोटरसाइकिल, और 4 मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है।


