कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
चारामा, 11 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी मंडल चारामा द्वारा आज ‘गांव चलो, बस्ती चलो’ अभियान का शुभारंभ शक्ति केंद्र ग्राम कुरुटोला से किया गया। यह अभियान शुक्रवार को प्रात: 11 बजे प्रारंभ हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला मंत्री अमिता बंजारे के नेतृत्व एवं मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश साहू के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री संतोष नाहर द्वारा किया गया तथा पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष सत्कार पटेल का विशेष सानिध्य प्राप्त हुआ। इस अवसर पर ग्राम कुरुटोला के मुख्य स्थल रंगमंच एवं शीतला मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं युवा साथी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित किया गया तथा उन्हें विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही, लाभार्थियों से सुझाव प्राप्त कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।
अभियान के अंतर्गत ग्राम के हाई स्कूल परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया गया। इसके पश्चात ग्राम के वरिष्ठ कार्यकर्ता भगवान सिंह सिन्हा का मंडल टीम द्वारा भाजपा पटका एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने ग्राम के एक परिवार के यहां पारंपरिक ‘मणियां पेज’ का सामूहिक रूप से आनंद लिया, जो ग्रामीण आत्मीयता एवं सामाजिक समरसता का प्रतीक रहा। तत्पश्चात अल्प विश्राम के बाद कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर संपर्क अभियान चलाकर आमजन से संवाद स्थापित किया गया। इस अवसर पर ओमप्रकाश साहू, सत्कार पटेल, वासु साहू, भोजराज सोनी, टीकम तारम, रूपेश देवांगन, प्रियेश सेन, अमृत सिन्हा, ललित साहू, बंटी सबनानी, करण निर्मलकर, संजय मरकाम, राहुल साहू, अभय दुर्गासी एवं कुलेश्वर साहू सहित अन्य कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
अभियान के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जन-जन तक पहुंचकर सरकार की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने एवं जनता से सतत संवाद बनाए रखने का संकल्प लिया गया।


