कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
चारामा, 11 अप्रैल। कांकेर जिले के चारामा क्षेत्र के ग्राम माहुद निवासी चंद्रकांत यादव ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए कबड्डी के राष्ट्रीय रेफरी के रूप में अपनी पहचान बनाई है।
अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में 16 से 18 फरवरी तक मध्यप्रदेश के भोपाल में आयोजित नेशनल रेफरी परीक्षा में देशभर से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस परीक्षा में छत्तीसगढ़ से कुल 60 स्टेट ऑफिशियल्स शामिल हुए, जिनमें से 37 प्रतिभागियों का चयन राष्ट्रीय रेफरी के रूप में किया गया।
इसी परीक्षा में चंद्रकांत यादव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता प्राप्त की और वे बस्तर संभाग के पहले राष्ट्रीय कबड्डी रेफरी बनने का गौरव हासिल करने में सफल रहे।
परीक्षा के दौरान पर्यवेक्षक के रूप में प्रो कबड्डी के टेक्निकल डायरेक्टर एवं अंतरराष्ट्रीय कोच तेज नारायण माधव तथा तेलुगु टाइटन्स के मेंटोर और अंतरराष्ट्रीय कोच के. जगमोहन उपस्थित रहे, जिनकी निगरानी में पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई।
चंद्रकांत यादव की इस उपलब्धि से न केवल बस्तर संभाग, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी।


