कांकेर

एके 47 के साथ इनामी नक्सल कमांडर का समर्पण
23-Apr-2026 12:08 AM
एके 47 के साथ इनामी नक्सल कमांडर का समर्पण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 22 अप्रैल। आठ लाख इनामी पीपीसीएम कैडर नक्सली दारसू शोरी ने एके 47 के साथ आत्मसमर्पण किया। वह शासन की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर मुख्यधारा में शामिल हुआ।

 पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने बताया कि लगातार माओवादी कैडरों ने हिंसा का मार्ग त्यागकर मुख्यधारा में शामिल होने का निर्णय लिया है। इसी तारतम्य में पुनर्वास हेतु गत दिनों माओवादी कैडर दारसु शोरी का नाम आया।

 पुनर्वास हेतु आगे आए माओवादी कैडर दारसु शोरी द्वारा एक एके 47 के साथ आत्मसमर्पण किया गया है। वह उत्तर बस्तर डिवीजन कमेटी पीएलजीए कंपनी क्रमांक 05 का कैडर था।

पीपीसीएम दारसु शोरी से प्राप्त जानकारी के अनुसार इलाके में सक्रिय अन्य माओवादी कैडरों से संपर्क स्थापित कर उन्हें भी मुख्यधारा में शामिल कराने के प्रयास जारी हैं।

पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज, सुन्दरराज पट्टलिंगम ने विगत मुख्यधारा में शामिल होने के लिए आगे आए सभी माओवादी कैडरों के निर्णय का स्वागत करते हुए एक बार फिर शेष बचे कुछ माओवादी कैडरों से हिंसा त्यागकर मुख्यधारा में शामिल होने की अपील दोहराई। जो हिंसा का मार्ग छोडक़र मुख्यधारा में शामिल होना चाहते हैं, उनके लिए पुनर्वास का द्वार खुला है। लेकिन जो हिंसा का रास्ता चुनेंगे, उन्हें उचित और कड़ा जवाब दिया जाएगा।


अन्य पोस्ट