दन्तेवाड़ा

दंतेवाड़ा पालिका : कांग्रेस-भाजपा ने झोंकी ताकत
08-Feb-2025 10:23 PM
दंतेवाड़ा पालिका : कांग्रेस-भाजपा ने झोंकी ताकत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 8 फरवरी। नगर पालिका दंतेवाड़ा के अध्यक्ष पद हेतु चुनाव प्रचार अंतिम चरण में है। दोनों ही मुख्य सियासी दलों कांग्रेस - भाजपा द्वारा पूरी ताकत झोंक दी गई है। कांग्रेस द्वारा नगरीय क्षेत्र में शनिवार को बाइक रैली निकाल कर मतदाताओं को आकर्षित करने की कोशिश की गई।

शासकीय सेवा को त्याग कर राजनीति के अखाड़े में कांग्रेस पार्टी द्वारा दंतेवाड़ा अध्यक्ष पद हेतु सुमित्रा शोरी को चुनावी दंगल में उतारा गया है। श्रीमती शोरी दंतेवाड़ा नगरीय क्षेत्र में चिर -परिचित चेहरा है। वह इस सबसे पूर्व कस्तूरबा गांधी कन्या आवासीय विद्यालय दंतेवाड़ा में अधीक्षिका पद पर कई वर्षों तक सेवाएं दे चुकी हैं। शासकीय सेवा को त्याग कर राजनीति में उतारने का संकल्प लिया और नगर पालिका चुनाव में आश्चर्यजनक रूप से दंतेवाड़ा अध्यक्ष पद हेतु अधिकृत प्रत्याशी घोषित की गई।

घोषणा पत्र में तकनीक का समावेश

कांग्रेस प्रत्याशी सुमित्रा शोरी के घोषणा पत्र में नगर के चहुंमुखी विकास का दावा किया गया है। इसमें बेहतर सफाई प्रबंधन और अपशिष्ट पदार्थ के बेहतर निपटान की घोषणा की गई है। नगर में पेयजल की समस्या के निदान को प्राथमिकता दी जाएगी। इसी क्रम में महिलाओं हेतु महिला क्लब का गठन किया जाएगा। बच्चों के मनोरंजन हेतु चिल्ड्रनेंस पार्क का निर्माण कराया जाएगा। इस घोषणा पत्र की मुख्य विशेषता क्यूआर कोड है, जिसे स्कैन करके नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत वोटर अपनी बात को कांग्रेस प्रत्याशी तक पहुंचा रहे हैं।

 कांग्रेस प्रचार प्रभारी के मुताबिक क्यूआर कोड के माध्यम से नगर पालिका अंतर्गत नागरिक सुमित्रा शोरी से अपनी समस्याओं को साझा कर सकते हैं। उक्त समस्याओं के समाधान की बेहतर व्यवस्था की जाएगी। यह एक अभिनव पहल है। जिससे नागरिकों को विशेष लाभ मिल सकेगा।

भाजपा प्रत्याशी  ने मांगा समर्थन

भारतीय जनता पार्टी द्वारा वर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता को वर्तमान चुनाव में अधिकृत प्रत्याशी के तौर पर चुनावी अखाड़े में भेजा है। सत्ता में आसीन दल होने के नाते जिला मुख्यालय की नगर पालिका में विजय हासिल करना भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है। इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु पार्टी द्वारा एड़ी - चोटी का जोर लगाया जा रहा है।

दंतेवाड़ा प्रभारी मंत्री केदार कश्यप द्वारा विकास दिवस भाजपा प्रत्याशी पायल गुप्ता के पक्ष में जनसंपर्क अभियान संचालित किया गया था। जिसे आशा के अनुरूप प्रतिसाद मिला था। देखना रोचक होगा कि पार्टी के स्टार प्रचारकों का जोर कितना रंग लाता है।

दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी के मुताबिक भाजपा विकास के मुद्दे को लेकर जनता के समक्ष चुनाव मैदान में उतरी है। दंतेवाड़ा, गीदम, बचेली, और किरंदुल सभी नगर पालिका में कमल खिलेगा।

भाजपा प्रत्याशी पायल गुप्ता ने जनता से नगर के सर्वांगीण विकास हेतु समर्थन मांगा है। बहरहाल, भाजपा की परंपरागत दंतेवाड़ा पालिका सीट में पंजा कितना मजबूत होगा, यह समय के गर्भ में है।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news