दन्तेवाड़ा

केंद्रीय विद्यालय बचेली में पारितोषिक वितरण समारोह
02-May-2026 4:28 PM
केंद्रीय विद्यालय बचेली में  पारितोषिक वितरण समारोह

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान, प्राचार्य ने बढ़ाया उत्साह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 2 मई। केंद्रीय विद्यालय बचेली में 30 अप्रैल को पारितोषिक वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। सत्र 2025-26 के अंतर्गत आयोजित रचनात्मक अधिगम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को इस अवसर पर सम्मानित किया गया।

इस समारोह में चित्रकला, राखी निर्माण, विविध वेशभूषा, रंगोली, नृत्य, गायन एवं अन्य सहशैक्षिक प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

 प्राचार्य शेरसिंह राजपूत एवं प्रधानाध्यापिका ममता कुमारी की गरिमामयी अध्यक्षता में संपन्न हुआ। अपने आशीर्वचन में प्राचार्य ने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक प्रतियोगिताओं में भाग लेने हेतु प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियाँ बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी विजेता विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु हार्दिक बधाई दी।

प्रधानाध्यापिका ममता कुमारी ने अपने संदेश में विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों की कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति को नई दिशा प्रदान करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का संचालन सी.एल.ए. प्रभारी शिवराज मीणा द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। इस सफल आयोजन में शक्ति भगत, तारा बाघ,  अर्शी गुप्ता, ओमप्रकाश, संजीव सैनी एवं तपेंद्र सिंह का विशेष सहयोग उल्लेखनीय रहा।

विद्यार्थियों के सहयोग एवं कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के सभी शिक्षकों के समर्पित प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके सहयोग से आयोजन सुव्यवस्थित एवं प्रभावी रूप से संपन्न हुआ। समारोह के अंत में विजेता विद्यार्थियों के चेहरों पर झलकती खुशी, उत्साह और आत्मगौरव ने पूरे वातावरण को आनंदमय बना दिया।

 


अन्य पोस्ट