दन्तेवाड़ा

मजदूर दिवस पर निकाली रैली, दिवंगत श्रमिकों को श्रद्धांजलि
02-May-2026 12:42 AM
मजदूर दिवस पर निकाली रैली, दिवंगत श्रमिकों को श्रद्धांजलि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 1 मई। लौह नगरी बचेली में एक मई शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर ट्रेड यूनियन संयुक्त खदान मजदूर संघ (एसकेएमएस) द्वारा उत्साहपूर्वक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत यूनियन कार्यालय में ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके पश्चात एक विशाल श्रमिक रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रमिकों के साथ-साथ महिला सदस्यों ने भी बढ़-चढक़र हिस्सा लिया।

रैली यूनियन कार्यालय से प्रारंभ होकर अस्पताल चौक, राजीव गांधी चौक, मुख्य बाजार, लाल मैदान, गौरव पथ, प्रवेश द्वार, घड़ी चौक, गुरु घसीदास चौक होते हुए श्रमवीर चौक पहुंचकर समाप्त हुई। पूरे मार्ग में श्रमिकों द्वारा अपने अधिकारों को लेकर जोरदार नारेबाजी की गई, जिससे पूरा शहर मजदूर एकता के संदेश से गूंज उठा। श्रमवीर चौक पर कार्यक्रम के दौरान दिवंगत श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुष्पांजलि देकर दो मिनट का मौन रखा गया और उनके योगदान को याद किया गया।

इस अवसर पर यूनियन के अध्यक्ष रवि मिश्रा, सचिव जागेश्वर प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। मई दिवस के इस आयोजन ने श्रमिक एकता, अधिकारों और सम्मान के संदेश को मजबूती से प्रस्तुत किया।


अन्य पोस्ट