‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 जनवरी। एंटी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स एवं थाना कोमाखान पुलिस ने ओडिशा से गांजा के ब्रोकर को पकडऩे में सफलता हासिल की है।
इस मामले में पूर्व में जौनपुर उत्तर प्रदेश के तस्करों की चैन तोडऩे के लिये पुलिस अन्य राज्यों की लोकल पुलिस से संपर्क कर लगातार अभियान चला रही है। जिसके तहत कल अंतरराज्यीय गांजा सप्लायर ब्रोकर पवित्रा लीमा ओडिशा को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के विरूद्ध धारा 20 ख एनडीपीसी के तहत कार्रवाई की गई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडे ने बताया कि इसके पूर्व भी तस्करों के अलावा पुलिस ने गांजा की सप्लाई करने वाले ब्रोकर को गिरफ्तार किया था। इस बार भी ब्रोकर को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है। उन्होंने कहा है कि जिले में एंटी नारकोटिक्स टास्ट फोर्स के गठन होने के बाद से गांजा की बड़ी खेप की तस्करी में काफी कमी आयी है।
दरअसल गांजा की तस्करी पर नियंत्रण व रोकथाम, गांजा लाने के सोर्स प्वाइंट, परिवहन माध्यम एवं जिस प्वाइंट तक गांजा पहुंचाया जा रहा है, इन सभी पर कार्रवाई को लेकर एंटी नारकोटिक्स फ ोर्स का गठन किया गया है।
एएसपी प्रतिभा पांडेय के अनुसार तस्करों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस लगातार आरोपियों से पूछताछ कर रही थी। इसी बीच गिरफ्तार आरोपियों ने गांजा देने वाले व्यक्ति के बारे में बताया। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर खोजबीन कर अंतरराज्यीय ब्रोकर को गिरफ्तार किया।
महासमुंद पुलिस की यह 11वीं कार्रवाई है जिसमें ब्रोकर को उसके सोर्स प्वाइंट निवास से गिरफ्तार किया गया है। पूर्व में आरोपी पवित्रा लीमा 3 बार और भी तस्करों को गांजा सप्लाई कर चुका है। पूर्व में गिरफ्तार हो चुके जौनपुर उत्तर प्रदेश निवासी बाबुल जैसवार तथा विकास कुमार आरोपी के पास से 2 बार गांजा ले चुके थे।
बताया गया कि आरोपी के गांव के आसपास ही गांजे की खेती की जाती है। जहां से आरोपी ग्राहकों को गांजा सप्लाई करता था।