बालोद

कच्चा मकान ढहा, पति-पत्नी के दबने से मौत
30-Jun-2023 1:55 PM
कच्चा मकान ढहा, पति-पत्नी के दबने से मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बालोद, 30 जून। बालोद जिले के देवरी थाना अंतर्गत लगातार हो रही बारिश से कच्चा मकान गिरने से दंपत्ति की मौके पर मौत हो गई। पूरा मामला ग्राम सिरपुर का है।

 बुधवार रात संतराम यादव (55 वर्ष) और पत्नी कुंती बाई (50 वर्ष) दोनों सो रहे थे, जहां बारिश के कारण उनके घर की छप्पर और दीवार भरभरा कर गिर गई। जिससे दोनों की मौत हो गई, वहीं आधी रात और बारिश होने के कारण किसी को इस बात का पता नहीं चल पाया था।

प्लास्टिक और मुरम का छप्पर

 जिस छप्पर के गिरने से यादव दंपत्ति की मृत्यु हुई है, वह प्लास्टिक और मुरम से बना हुआ था। रात भर बारिश से ईंट की दीवार गीली हो गई और रात को अचानक गिर गई। इस बारिश के दौरान दीवार गिरने की आवाज़ किसी को पता भी नहीं चली। रात भर पति-पत्नी दीवार के नीचे दबे पड़े।

 ग्रामीणों को घटना की जानकारी सुबह हो पाई। घटना स्थल मकान और आंगन से कुछ दूर पक्के मकान में सो रहे बेटे को भी कोई खबर नहीं थी। अगले दिन दोनों का अंतिम संस्कार किया गया है।

दो साल पहने बना पीएम आवास

मिली जानकारी के अनुसार इनका दो साल पहले प्रधानमंत्री आवास भी बन चुका है। जिसमें पक्के मकान में उनका बेटा दीपक यादव और अन्य रहते थे। वहीं पति-पत्नी दोनों पुराने मकान में ही सोया करते थे। सुबह जितेंद्र सेन सहित अन्य पड़ोसियों ने उन्हें दरवाजा खटखटा कर उठाया, तब मालूम हुआ कि माता-पिता नहीं रहे।

4-4 लाख का मुआवजा प्रकरण

घटना की जानकारी होने के बाद पुलिस प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम पहुंची थी और शासन से उचित मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई। एसडीएम प्रतिमा ठाकरे ने बताया कि घटना के तुरंत बाद मौके पर जाकर प्रकरण बनाया गया और प्रति मृतक व्यक्ति के नाम से 4-4 लाख रुपए का प्रकरण बना कर भेज दिया गया है, जल्द पीडि़त परिवार को मुआवजा मिल जाएगा।

अन्य पोस्ट