बालोद
दल्लीराजहरा, 27 मार्च। नगर पालिका परिषद दल्लीराजहरा की सामान्य सभा की बैठक बुधवार को आयोजित की गई, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आय-व्यय का बजट प्रस्तुत कर पारित किया गया। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि एवं पत्रकार उपस्थित रहे। बैठक में प्रस्तुत बजट के अनुसार वर्ष 2026-27 के लिए कुल अनुमानित आय 18 करोड़ 7 लाख 40 हजार रुपये और कुल व्यय 18 करोड़ 4 लाख 68 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। इस प्रकार बजट में 2 लाख 72 हजार रुपये का अधिशेष (लाभ) दर्शाया गया है। बजट में राजस्व एवं पूंजीगत आय के विभिन्न स्रोतों को शामिल किया गया है। साथ ही स्थापना व्यय, प्रशासनिक खर्च, संचालन एवं रखरखाव तथा विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं के लिए प्रावधान किया गया है।
बैठक के दौरान शहर की मूलभूत सुविधाओं, अधोसंरचना विकास, साफ-सफाई और जल आपूर्ति से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू ने बताया कि बाईपास सडक़, भगीरथी नल-जल योजना और केंद्रीय विद्यालय से जुड़े कार्य प्राथमिकता में शामिल हैं।


