बालोद

रेप, गर्भपात की दवा से दोनों की मौत, आरोपी मकान मालिक गिरफ्तार
13-Mar-2026 2:02 PM
रेप, गर्भपात की दवा से दोनों की मौत, आरोपी मकान मालिक गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दल्लीराजहरा, 13 मार्च
। बालोद जिले के डौण्डीलोहारा क्षेत्र में अविवाहित युवती के साथ कई बार रेप से गर्भवती एवं गर्भपात के लिए दी गई दवा से युवती और नवजात शिशु दोनों की मौत का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने मकान मालिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 10 मार्च को थाना डौण्डीलोहारा में एक युवती की मृत्यु की सूचना मिलने पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मृतका की मां ने पुलिस को बताया कि वह अपने दो बेटियों और एक बेटे के साथ करीब तीन वर्षों से डौण्डीलोहारा में सुनील कुमार घरडे के मकान में किराये से रह रही थी।

परिजनों के अनुसार 9 मार्च की रात करीब 9.30 से 10 बजे के बीच युवती को कमर, पेट और पैरों में दर्द की शिकायत हुई। आरोप है कि मकान मालिक ने उसे दर्द की दवा बताकर एक गोली दी, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान परिजनों और अन्य गवाहों के बयान लिए गए। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मकान मालिक ने युवती को धमकाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे और गर्भ ठहरने के बाद घटना से पहले उसे दवा दी गई।

मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार घरडे (59 वर्ष) डौण्डीलोहारा के खिलाफ धारा 90, 91, 105, 238, 351(3), 64(2)(एम) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को 11 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की आगे की जांच जारी है।


अन्य पोस्ट