बालोद

राज्य के विकास में सहायक बजट -पालिकाध्यक्ष तोरण साहू
25-Feb-2026 4:14 PM
राज्य के विकास में सहायक बजट -पालिकाध्यक्ष तोरण साहू

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

दल्ली राजहरा, 25 फरवरी। नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा वित्त वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तुत बजट पर प्रतिक्रिया दी है।

उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये का है। उनके अनुसार, बजट संकल्प थीम पर आधारित है, जिसमें समावेशी विकास, अधोसंरचना, निवेश, कुशल मानव संसाधन, अंत्योदय, आजीविका और नीतियों के क्रियान्वयन जैसे बिंदु शामिल किए गए हैं।

तोरण लाल साहू ने कहा कि बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की परिकल्पना को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन, एआई मिशन, पर्यटन विकास मिशन, स्टार्टअप मिशन और खेल उत्कर्ष मिशन जैसे कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लिए किए गए प्रावधानों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के लिए 1725 करोड़ रुपये, जल जीवन मिशन के लिए 3000 करोड़ रुपये, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के लिए 2000 करोड़ रुपये, समग्र शिक्षा अभियान के लिए 1500 करोड़ रुपये, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लिए 4000 करोड़ रुपये, महतारी वंदन योजना के लिए 8200 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री खाद्यान्य योजना के लिए 6500 करोड़ रुपये तथा अन्य योजनाओं के लिए भी बजट में राशि निर्धारित की गई है।

तोरण लाल साहू ने कहा कि यह बजट राज्य के आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और अधोसंरचना विस्तार में सहायक होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया।

 


अन्य पोस्ट