बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
करगीरोड (कोटा), 9 फरवरी। कोटा नगर में सर्वसमाज सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन 7 फरवरी, को पुराना थाना ग्राउंड में सम्पन्न हुआ। इस आयोजन में कोटा और आसपास के क्षेत्र के निर्धन परिवारों की 11 बेटियों का विवाह संपन्न कराया गया। यह आयोजन का चौथा वर्ष था।
आयोजन के तहत 11 जोड़ों का विवाह गायत्री परिवार के विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सम्पन्न कराया गया। नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्री प्रदान की गई। आयोजन समिति की ओर से विवाह समारोह की सभी व्यवस्थाएं की गई थीं।
आयोजन में सभी नवविवाहित जोड़ों को कन्यादान स्वरूप दैनिक उपयोग की वस्तुएं, नगद राशि तथा फर्नीचर, पलंग, गद्दा, पंखा सहित अन्य घरेलू सामान प्रदान किया गया। इसके साथ ही कन्याओं को साडिय़ां, कपड़े, गहने, बिछिया, पायल आदि भी दिए गए। विवाह के बाद बैंड-बाजे के साथ नवविवाहित जोड़ों की शोभायात्रा निकाली गई और सजी हुई गाडिय़ों से नगर भ्रमण कराया गया।
इस कार्यक्रम में अतिथि के रूप में छेरकाबांधा के गिरजामंदिर से पुरोत्तम महाराज तथा नगर के अन्य नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित अतिथियों ने विष्णु अग्रवाल के प्रयासों की सराहना करते हुए नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया। इस दौरान बड़ी संख्या में नगरवासी, परिजन और अतिथि मौजूद रहे।
आयोजन समिति के अनुसार विष्णु अग्रवाल की पहल और नगर के लोगों के सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। समिति के सदस्यों ने बताया कि नगर के कई लोगों ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए आयोजन में सहयोग प्रदान किया, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सका।


