बिलासपुर

स्वदेशी चीजों के उपयोग से आत्मनिर्भर बनेगा भारत-अरुण साव
16-Nov-2024 1:01 PM
स्वदेशी चीजों के उपयोग से आत्मनिर्भर बनेगा भारत-अरुण साव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 16 नवंबर।
उप मुख्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने साइंस कॉलेज मैदान में सात दिवसीय स्वदेशी मेले का कल शाम उद्घाटन किया। स्वदेशी जागरण मंच के सौजन्य से आयोजित यह मेला 21 नवंबर तक चलेगा। साव और अन्य अतिथियों ने मां भारती, सरस्वती माता और भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का आरंभ किया।

अरुण साव ने मुख्य अतिथि के रूप में कहा- स्वदेशी चीजों के सतत उपयोग से देश मजबूत होगा और आत्मनिर्भरता व स्वाभिमान का विकास होगा। हमें अधिक से अधिक स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करना चाहिए। उन्होंने स्वदेशी विचार को भारत की विरासत बताते हुए कहा कि यह कोई नई सोच नहीं है, बल्कि हमारी संस्कृति का हिस्सा है। भारत ने दुनिया को आयुर्वेद, शून्य, शल्य चिकित्सा और वेदों का ज्ञान दिया है। उन्होंने कहा कि मुगलों और अंग्रेजों के शासनकाल में हमारी विरासत और मान-बिंदुओं को कमजोर कर हमें हीन भावना से भर दिया गया था। महात्मा गांधी ने स्वदेशी आंदोलन को राष्ट्रीय आंदोलन से जोड़ते हुए इसे एक नई दिशा दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि आज का दौर वैश्विक संधियों का है, जहां किसी देश के सामान पर पाबंदी लगाना संभव नहीं है। इसलिए हमें जागरूक होकर स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करना चाहिए। इससे देश के हित तो सधेगा ही, साथ ही बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर भी उत्पन्न होंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान को देश की आर्थिक सफलता का प्रमुख आधार बताया और कहा कि भारत आज विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और अगले पांच वर्षों में तीसरे स्थान पर होगा।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर रामशरण यादव और स्वदेशी जागरण मंच के सह विचार प्रमुख राघवेंद्र प्रताप सिंह चंदेल ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने स्वदेशी चिंतन और देश में बनी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही।
कार्यक्रम में स्थानीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और योग-व्यायाम का प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहे।


अन्य पोस्ट