बिलासपुर
वन विभाग ने रेस्क्यू कर बांध में छोड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 23 जून। रतनपुर के एक तालाब से निकलकर मगरमच्छ बस्ती में पहुंच गया। इस दौरान उसने एक घर में घुसकर बकरी का शिकार भी किया। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। बाद में वन विभाग के कर्मचारियों ने उसे सुरक्षित खूंटाघाट बांध में छोड़ दिया।

घटना शुक्रवार रात 12 बजे की है, तब रतनपुर में बारिश हो रही थी। इसी दौरान एक मगरमच्छ भीष्मा तालाब से निकलकर गांधीनगर मोहल्ले में पहुंच गया। ग्रामीणों ने देखा कि एक घर में घुसकर उसने बकरे को अपना शिकार बना लिया है। बकरे को खा लेने के बाद वह दूसरे घरों में वह बस्ती में भटकने लगा। लोगों ने उसे सड़क के किनारे नाली में देखा तो रतनपुर पुलिस को सूचना दी। दो सिपाही मौके पर पहुंचे और उन्होंने वन विभाग को सूचित किया। वन विभाग की टीम ने पहुंचकर उसे रेस्क्यू कर लिया और सुबह 4 बजे सुरक्षित उसे खूंटाघाट बांध में छोड़ दिया।
ज्ञात हो कि धार्मिक नगरी रतनपुर के कई तालाबों में मगरमच्छों का डेरा है। इनका इस्तेमाल करने वालों को सतर्क रहने की समझाइश दी गई है। हालांकि इन मगरमच्छों के चलते कोई जनहानि अब तक नहीं हुई है।


