बिलासपुर
मैट्रिमोनियल साइट से हुई शादी बनी दर्दनाक
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 9 मई। जीवनसाथी की तलाश में मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए हुई शादी एक युवती के लिए भयावह त्रासदी में बदल गई। राजस्थान में ससुराल पहुंचने के बाद विवाहिता ने कथित तौर पर अपने ही जेठ की दरिंदगी झेली। प्रताड़ना और पारिवारिक दबाव के बीच मामला इतना बिगड़ा कि आखिरकार उसके पति ने आत्महत्या कर ली। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी जेठ के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर निवासी युवती की पहचान राजस्थान के एक युवक से मैट्रिमोनियल वेबसाइट के माध्यम से हुई थी। दोनों परिवारों की सहमति के बाद करीब एक वर्ष पहले उज्जैन में विवाह संपन्न हुआ था। शादी के बाद युवती अपने ससुराल राजस्थान चली गई।
पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि शादी के कुछ समय बाद ही उसका जेठ उस पर गलत नजर रखने लगा। एक दिन मौका पाकर उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। जब उसने यह बात अपने पति को बताई, तो पति ने परिवार और सामाजिक बदनामी के डर से उसे चुप रहने के लिए कहा। इसके बाद आरोपी जेठ लगातार शारीरिक शोषण करता रहा।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि बाद में उसे पता चला कि आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ भी मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया था। वहीं उसके पति के खिलाफ भी धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई।
लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर विवाहिता 25 अप्रैल को ससुराल से भाग निकली। उसने अपना मोबाइल बंद किया और किसी तरह बिलासपुर स्थित मायके पहुंची। इधर, 26 अप्रैल को उसके पति ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। लेकिन 28 अप्रैल को मामला और दुखद मोड़ ले गया, जब आरोपी जेठ ने युवती के परिजनों को फोन कर बताया कि उसके पति ने आत्महत्या कर ली है।
मानसिक और शारीरिक सदमे पति की खुदकुशी के कारण बिलासपुर में युवती की तबीयत बिगड़ गई। स्वास्थ्य में कुछ सुधार होने पर उसने हिम्मत जुटाकर महिला थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला संबंधित क्षेत्राधिकार वाले थाने को भेजने की प्रक्रिया जारी है।


