बिलासपुर

सुशासन तिहार शिविर में पहुंचे तोखन साहू, मौके पर ही हुआ समस्याओं का निराकरण
10-May-2026 12:46 PM
 सुशासन तिहार शिविर में पहुंचे तोखन साहू, मौके पर ही हुआ समस्याओं का निराकरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 10 मई। कोटा विकासखंड के बानाबेल गांव में शनिवार को सुशासन तिहार के तहत जिला स्तरीय समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ विभिन्न योजनाओं का लाभ भी मौके पर दिया गया। केंद्रीय राज्य मंत्री और बिलासपुर सांसद  तोखन साहू ने शिविर का शुभारंभ किया।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी सोच के तहत गांव-गांव में समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविर में कुल 169 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 152 मांगें और 17 शिकायतें शामिल थीं। इनमें से 17 मामलों का मौके पर निराकरण किया गया, जबकि बाकी मामलों के लिए समयसीमा तय की गई।

सांसद तोखन साहू ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व मामलों जैसे सीमांकन, बंटवारा और नामांतरण में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई ही सुशासन की पहचान है। उन्होंने कहा कि गरीबों को मुफ्त राशन, महिलाओं को उज्ज्वला योजना और ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

शिक्षा की गुणवत्ता गिरने पर चिंता जताते हुए उन्होंने जिले के परीक्षा परिणाम सुधारने की जरूरत बताई। साथ ही हर पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए।

प्रभारी सचिव मनोज कुमार पिंगुआ ने कहा कि सुशासन केवल शिविरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि साल के 365 दिन प्रशासनिक कार्यप्रणाली में दिखाई देना चाहिए। उन्होंने जल संरक्षण को समय की बड़ी जरूरत बताया।

शिविर में 877 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया। इनमें महतारी वंदन योजना ई-केवाईसी, स्वास्थ्य जांच, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस, पीएम आवास योजना के तहत मकान की चाबी वितरण और महिला स्व-सहायता समूहों को करीब 1 करोड़ रुपये के ऋण एवं अनुदान आदेश शामिल रहे। जिला सहकारी बैंक ने 120 किसानों को 58 लाख रुपये की किसान क्रेडिट कार्ड सीमा स्वीकृत की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह

 सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और अधिकारी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने एक ही स्थान पर समस्या समाधान और योजनाओं का लाभ मिलने पर संतोष जताया।


अन्य पोस्ट