बिलासपुर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 9 मई। कोनी थाना क्षेत्र के गतौरी गांव स्थित ग्लोरी ढाबा में बीती देर रात जन्मदिन की पार्टी उस समय हिंसक झड़प में बदल गई, जब युवकों और युवतियों के दो गुट पुराने विवाद को लेकर आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते ढाबे में जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस घटना में दोनों पक्षों के करीब आठ लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, उसलापुर निवासी दीक्षा वर्मा अपने दोस्तों के साथ ग्लोरी ढाबा में बर्थडे सेलिब्रेशन के लिए पहुंची थी। देर रात करीब 12 बजे के आसपास केक काटने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान मसानगंज निवासी शिवांग शुक्ला अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था।
पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। ढाबे के भीतर अचानक चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। वहां खाना खा रहे परिवार और अन्य ग्राहक डरकर बाहर भागने लगे। ढाबा कर्मचारियों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दीक्षा वर्मा की ओर से दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शिवांग शुक्ला अपने साथियों के साथ पहुंचा और विवाद शुरू कर हमला कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष के शिवांग शुक्ला ने भी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसका आरोप है कि वह अपने दोस्तों के साथ पहले से ढाबे में खाना खा रहा था, तभी दीक्षा वर्मा, अभिनव, प्रियंशु, यश और प्रतीक्षा वर्मा समेत अन्य लोगों ने उस पर हमला कर दिया।
मारपीट में शिवांग शुक्ला, शिवम दुबे, स्नेहित शुक्ला और श्रीवंश दुबे सहित कई लोग घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष के लोगों को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


