बिलासपुर

गुंडा लिस्ट में दो कांग्रेस नेताओं के नाम जुड़े, एक और पर आचार संहिता के तहत जुर्म दर्ज
24-Mar-2024 1:53 PM
गुंडा लिस्ट में दो कांग्रेस नेताओं के नाम जुड़े, एक और पर आचार संहिता के तहत जुर्म दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 24 मार्च।
जिला पुलिस ने होली के ठीक पहले गुंडा बदमाशों की नई सूची बनाई है जिसमें युवक कांग्रेस के जिला अध्यक्ष जयकिशन यादव और बिल्हा कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील साहू का नाम शामिल किया गया है। इधर जिला प्रशासन ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव महेंद्र गंगोत्री के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज कराया है।

पुलिस समय-समय पर गुंडा बदमाशों की सूची को अपडेट करती है। होली से पहले जारी की गई सूची में जिला कांग्रेस कमेटी युवा इकाई के अध्यक्ष जयकिशन यादव उर्फ राजू का नाम इसमें शामिल किया गया है। इसी तरह से बिल्हा विधानसभा इकाई के कांग्रेस अध्यक्ष सुनील साहू का नाम भी जोड़ा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आपराधिक रिकॉर्ड के कारण इनका नाम सूची में रखा गया है। यह नहीं देखा गया है कि ये लोग किस राजनीतिक दल से जुड़े हैं। मालूम हो कि युवक कांग्रेस में कोई भी पद देने से पहले कार्यकर्ताओं से शपथ पत्र लेने का नियम है कि उनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज नहीं है। पहले भी युवक कांग्रेस के कई पदाधिकारियों पर अपराध दर्ज हो चुके हैं। इसके बाद उन्हें पद से हटाया भी गया है।? मगर पद देने से पहले छानबीन नहीं की गई।

बीते दिनों कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी महासचिव सचिन पायलट बिलासपुर प्रवास पर थे। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस महासचिव महेंद्र गंगोत्री ने शहर में कई जगह सरकारी संपत्ति और निजी परिसरों पर कट आउट, होर्डिंग और पोस्टर लगाए। आचार संहिता लागू होने के बाद इस तरह की प्रचार सामग्री के लिए निर्वाचन विभाग से विधिवत अनुमति लेने की आवश्यकता थी, जो नहीं ली गई। जिला प्रशासन के आदेश पर छत्तीसगढ़ संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम की धारा 3 के तहत तोरवा पुलिस ने गंगोत्री के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।


अन्य पोस्ट