बिलासपुर
पुलिस महानिरीक्षक ने की सराहना, पुलिस अधीक्षकों को अभियान जारी रखने का दिया निर्देश
बिलासपुर, 7 दिसंबर। पुलिस महानिरीक्षक रेंज बिलासपुर में 15 दिनों के भीतर 238 गायब बालक, बालिका और महिलाओं का पता लगाकर वापस लाया है। इस प्रयास के लिए महानिरीक्षक अजय यादव ने रेंज के पुलिस अधीक्षकों की सराहना की है।
महानिरीक्षक ने कुछ समय पहले बैठक लेकर गायब लडक़े व लड़कियों और महिलाओं को तलाशने में तेजी लाने का निर्देश दिया था। इसके अलावा विवेचना का स्तर सुधारने कहा था। इसका असर बीते 15 दिनों में दिखाई दे रहा है।
इस समय पुलिस गुम इंसानों का पता लगाने के लिए विशेष अभियान चला रही है। पिछले 15 दिनों में विभाग के विभिन्न थानों की पुलिस ने ऐसे 238 लोगों को बरामद कर सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया है।
इन गुम इंसानों में 5 बालक, 46 बालिका और 57 पुरुष व 130 महिलाएं हैं। जिलावार आंकड़ों में देखा जाए तो जिला बिलासपुर में 01 बालक, 24 बालिका, 30 पुरूष, 51 महिला (कुल 106), जिला रायगढ़ में 01 बालक, 06 बालिका, 04 पुरूष, 14 महिला (कुल 25), जिला कोरबा में 02 बालक, 06 बालिका, 03 पुरूष, 14 महिला (कुल 25), जिला जांजगीर-चाम्पा में 01 बालक, 10 बालिका, 17 पुरूष, 46 महिला (कुल 74), जिला सक्ती में 03 पुरूष, 05 महिला (कुल 08) विशेष अभियान चलाया जाकर वापस लाए गये हैं। रेंज अंतर्गत अन्य जिलों में भी गुम इंसानों की दस्तयाबी हेतु विशेष अभियान चलाया जाकर कार्यवाही की जा रही है। पुलिस महानिरीक्षक विशेष अभियान की सराहना कर इस अभियान को लगातार जारी रखने कहा है।


