बिलासपुर

एयरपोर्ट नाइट लैंडिंग कार्य की निविदा रद्द, संघर्ष समिति ने जताया रोष
27-Feb-2023 12:29 PM
एयरपोर्ट नाइट लैंडिंग कार्य की निविदा रद्द, संघर्ष समिति ने जताया रोष

बिलासपुर, 27 फरवरी। बिलासा एयरपोर्ट को विकसित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों को एक बार फिर झटका लगा है। यहां पर नाइट लैंडिंग के लिए किए जाने वाले इलेक्ट्रिक वर्क का टेंडर सही निविदा नहीं मिलने के कारण निरस्त कर दिया गया है।

हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति के सदस्यों ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नाइट लैंडिंग संबंधी कार्य के लिए सितंबर 2022 में स्वीकृति दे दी थी। इसके बावजूद जनवरी तक टेंडर जारी नहीं किया गया। 2 माह का समय केवल इस बात पर गवां दिया गया कि हवाई अड्डे के विकास के लिए स्वीकृत धनराशि 27 करोड़ में से 22 करोड़ का मद परिवर्तन किया जाना था। यह स्थिति तब है जब पीडब्ल्यूडी और विमानन विभाग दोनों विभागों के सचिव एक ही अधिकारी हैं। नाइट लैंडिंग के इलेक्ट्रिक कार्य की निविदा 8 फरवरी को खोली जानी थी, जिसे एक ही निविदा आने के कारण समय 15 फरवरी तक बढ़ाया गया। अब सही निविदाकार नहीं मिलने के कारण आखिरकार टेंडर निरस्त कर दिया गया है। दरअसल टेंडर में वही ठेकेदार भाग ले सकता है जिसने अन्य किसी एयरपोर्ट पर इसी प्रकार का पहले काम किया हो।

महा धरना में शामिल सदस्य सुदीप श्रीवास्तव, बद्री यादव, अशोक भंडारी, संजय पिल्ले, राघवेंद्र सिंह, केशव गोरख आदि ने कहा है कि इस स्थिति के लिए अफसरों की लालफीताशाही जिम्मेदार है। उन्होंने मांग की है कि अभिलंब टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर नाइट लैंडिंग का वर्क शुरू किया जाए।


अन्य पोस्ट