बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 15 फरवरी। शासकीय कन्या प्राथमिक शाला देवकर (विकासखंड साजा) में 14 फरवरी को मातृ-पितृ पूजन दिवस मनाया गया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह आयोजन विद्यार्थियों में माता-पिता के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। समाज से उपस्थित कांता जैन सहित अभिभावकों ने प्रधान पाठक के साथ दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद सरस्वती पूजा और सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। छात्राओं ने अपने माता-पिता के पूजन के लिए थालियां सजाईं और वंदना गीत प्रस्तुत किया।
विद्यालय की प्रधान पाठक गिरिजा पटेल ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक शिक्षा और पारिवारिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने धार्मिक कथाओं के माध्यम से माता-पिता के सम्मान का महत्व समझाया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने अपने अभिभावकों का पूजन कर आशीर्वाद लिया। विद्यालय की ओर से उपस्थित अभिभावकों को उपहार भी प्रदान किए गए। कुछ अभिभावकों ने विद्यार्थियों को मिठाई और चॉकलेट वितरित की।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार आयोजन में लगभग 15 पालक उपस्थित रहे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। कार्यक्रम में कांता जैन, रिसाली जैन, प्रहलाद निषाद सहित अन्य अभिभावक और विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद थे।
विद्यालय ने बताया कि वर्षभर विद्यार्थियों को नैतिक शिक्षा से जुड़े कार्यक्रमों में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।


