बेमेतरा
80 दिव्यांग विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 15 फरवरी। राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा, रायपुर के निर्देशानुसार समावेशी शिक्षा के अंतर्गत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों में निहित प्रतिभा को निखारने, उन्हें सम्मान प्रदान करने तथा उनकी क्षमताओं को उचित मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 11 फरवरी को शासकीय नवीन प्राथमिक शाला, वार्ड क्रमांक 21 बेमेतरा में जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में जिले के 80 दिव्यांग विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों के लिए उनकी विशेष आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। अस्थि बाधित बच्चों के लिए 100 मीटर दौड़ एवं कुर्सी दौड़, श्रवण बाधित बच्चों के लिए गोला फेंक एवं 100 मीटर दौड़, दृष्टि बाधित बच्चों के लिए निर्धारित ध्वनि लक्ष्य की ओर 25 मीटर दौड़ तथा मिश्रित मोतियों को अलग करने की प्रतियोगिता आयोजित की गई, वहीं मानसिक दिव्यांग बच्चों के लिए 50 मीटर दौड़ एवं सॉफ्ट बॉल थ्रो जैसे खेल कराए गए।
प्रतियोगिता के पश्चात प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रोत्साहन पुरस्कार देकर उनके आत्मविश्वास को बढ़ाया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में जिले की समावेशी शिक्षा प्रभारी रेणुका चौबे, विकासखंड स्तर के बीआरपी (आईईडी) एवं व्यायाम शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग के जिला शिक्षा अधिकारी गेंदराम चतुर्वेदी, जिला मिशन समन्वयक राज कुमार वर्मा, खेमराज साहू, नेहिल वर्मा, रेणुका चौबे सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह आयोजन समावेशी शिक्षा की भावना को सशक्त करते हुए समाज में समान अवसर और सहभागिता के संदेश को आगे बढ़ाने का प्रेरक प्रयास सिद्ध हुआ।


