बेमेतरा

श्रमिक पंजीयन कार्ड में ई-केवाईसी अनिवार्य
12-Feb-2026 3:53 PM
श्रमिक पंजीयन कार्ड में ई-केवाईसी अनिवार्य

बेमेतरा, 12 फरवरी।  श्रम विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल तथा छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल में पंजीकृत श्रमिकों के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है। यह व्यवस्था इसलिए लागू की गई है ताकि मंडलों द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत दी जाने वाली डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) राशि का लाभ वास्तविक हितग्राहियों तक सुनिश्चित रूप से पहुंच सके। विभाग द्वारा जानकारी दी गई है कि ऐसे पंजीकृत श्रमिक जिनका विवरण खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के डाटा से आंशिक रूप से मिलान हो रहा है, उनका नाम आधार कार्ड में दर्ज नाम के अनुरूप सत्यापित किया जाएगा। जिन हितग्राहियों के श्रमिक पंजीयन कार्ड में अंकित नाम एवं आधार कार्ड में अंकित नाम में भिन्नता पाई गई है। उन्हें अनिवार्य रूप से ई-केवाईसी कराना होगा।

ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूर्ण करने हेतु संबंधित हितग्राही विकासखण्ड स्तर पर संचालित मुख्यमंत्री श्रम संसाधन केन्द्र अथवा कार्यालय श्रम पदाधिकारी, जिला बेमेतरा में कार्यालयीन दिवस में उपस्थित होकर अपना ई-केवाईसी करा सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड, श्रम पंजीयन कार्ड तथा राशन कार्ड की मूल प्रति साथ लाना अनिवार्य होगा, ताकि दस्तावेजों का सत्यापन कर प्रक्रिया पूर्ण की जा सके।श्रम पदाधिकारी ने बताया कि जिले के लगभग 8,426 पंजीकृत श्रमिकों का आधार कार्ड श्रम विभाग के पोर्टल पर अपलोड नहीं होने के कारण उनकी ई-केवाईसी प्रक्रिया अपूर्ण है। ऐसे श्रमिक यदि शीघ्र ई-केवाईसी नहीं कराते हैं तो वे मंडलों द्वारा संचालित योजनाओं के लाभ से वंचित हो सकते हैं। अत: सभी संबंधित पंजीकृत श्रमिकों से अपील की गई है कि वे समय रहते आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कराएं, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त होता रहे।


अन्य पोस्ट