बेमेतरा

मुख्यमंत्री कन्या विवाह : बेमेतरा में 143 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
11-Feb-2026 4:28 PM
मुख्यमंत्री कन्या विवाह : बेमेतरा में 143 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 11 फरवरी। जिला बेमेतरा के नवागढ़ विकासखंड मुख्यालय स्थित हाई स्कूल मैदान में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 143 जोड़ों का सामूहिक विवाह गरिमामय एवं भव्य वातावरण में संपन्न हुआ। एक ही मंडप में 143 जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ वैवाहिक जीवन में प्रवेश किया। इस अवसर पर सभी नवदंपतियों ने सुखमय दांपत्य जीवन एवं बाल विवाह नहीं करने-कराने की शपथ भी ली।

खाद्य मंत्री ने दिया आशीर्वाद

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए सुखी, समृद्ध एवं खुशहाल दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विवाह जीवन का एक पवित्र और विश्वसनीय बंधन है, जिसमें पति-पत्नी सुख-दुख में कंधे से कंधा मिलाकर जीवन की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं।

मंत्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना निर्धन परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। शासन बेटियों के विवाह की चिंता को समझते हुए उनके सम्मान पूर्वक विवाह की जिम्मेदारी उठा रहा है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत पहले दी जाने वाली 25,000 की सहायता राशि को बढ़ाकर 50,000 किया गया है, जिससे नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत में आर्थिक संबल मिलता है। इस अवसर पर उन्होंने प्रत्येक जोड़े को विवाह सहायता राशि का चेक, उपहार एवं विवाह की स्मृति स्वरूप तस्वीर भेंट की।

 

पारंपरिक बारात, एक मंडप में वैवाहिक संस्कार

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बारात निकालने से हुई, जो स्कूल परिसर से चलकर विवाह स्थल पहुंची। इसके पश्चात सभी वर-वधू एक ही मंडप में बैठकर पुरोहितों द्वारा संपन्न कराए गए वैवाहिक संस्कारों में शामिल हुए। पूरे आयोजन में हिंदू विवाह परंपराओं का विधिवत पालन किया गया। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं, महिला एवं बाल विकास अधिकारी चंद्रबेश शिसोदिया सहित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। कलेक्टर ने अपने स्वागत भाषण में छत्तीसगढ़ की विवाह परंपराओं एवं सामाजिक मूल्यों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दीपेश साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना निर्धन परिवारों के लिए एक संजीवनी के समान है, जिसमें बिना किसी निजी खर्च के शासन स्तर पर बेटियों का विवाह संपन्न कराया जाता है। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से समाज के सभी वर्गों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने भी नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सशक्त बनाने तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोडऩे का प्रभावी माध्यम है। सामूहिक विवाह गायत्री मंत्रोच्चार एवं सामाजिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष बेमेतरा हेमा जय दिवाकर, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि अजय साहू, जनपद अध्यक्ष नवागढ़  खोरबाहरा राम साहू, सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं वर-वधू के परिजन उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट