बेमेतरा
बेमेतरा, 11 फरवरी। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत राज्य सलाहकार रूपेश राठौर एवं अभिलाषा आनंद द्वारा विकासखंड नवागढ़ के गोद ग्राम टेमरी में स्वच्छता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का स्थल निरीक्षण किया गया। इस दौरान ग्राम में निर्मित सेग्रीगेशन शेड, कचरा संग्रहण व्यवस्था तथा सामुदायिक शौचालय का अवलोकन कर उनकी कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान ग्राम में संचालित स्वच्छता गतिविधियों के संबंध में सरपंच, सचिव एवं स्वच्छता दीदियों से विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे के पृथक्करण एवं स्वच्छता व्यवस्था के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की जानकारी लेकर उनके त्वरित समाधान हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही, घर-घर कचरा संग्रहण कार्य को और अधिक प्रभावी एवं नियमित बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
राज्य सलाहकारों द्वारा स्वच्छता से जुड़े जमीनी कार्यों में संलग्न स्वच्छता दीदियों को प्रोत्साहित करते हुए स्वच्छता को जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने हेतु प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर सतत निगरानी एवं सामुदायिक सहभागिता से ही स्वच्छ एवं स्वस्थ गांव की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है।
इसके पश्चात ग्राम अमोरा में स्थित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्लास्टिक कचरे के संग्रहण, छंटाई एवं निस्तारण की प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए यूनिट के संचालन को और सुदृढ़ बनाने हेतु आवश्यक सुझाव दिए गए।
इस निरीक्षण का उद्देश्य ग्रामों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करना, कचरा प्रबंधन प्रणाली को प्रभावी बनाना तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करना रहा।


