बेमेतरा

घर-घर शुद्ध जल प्रदाय योजना तार-तार
09-Feb-2026 4:29 PM
घर-घर शुद्ध जल प्रदाय योजना तार-तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 9 फरवरी। नवागढ़ विधानसभा के खारा पानी प्रभावित ग्रामों में शुद्ध जल प्रदाय करने बनी योजना कितनी कारगर है। लोगों को कौन सा पानी मिल रहा है...?  यह दर्शनीय है। ग्राम करमन में कलोरीनेशन रूम के आगे पीछे पैरा रखा हुआ है। पानी टंकी को कांटे से सुरक्षित रखा गया है। मौके की तस्वीर बोल रही है की वर्षों से इसे कोई देखने नही आया। गांव वालों की माने तो दो साल से पानी किसी को नहीं मिला। खारा पानी प्रभावित लगभग सभी ग्रामों में क्लोरीन रूम जर्जर हो गई है। पीएचई विभाग ने विद्युत कनेक्शन भी कटवा दिया है। टंकी को देखकर लोगों को समझ आ जाता है कि शुद्ध जल के नाम पर क्या हो रहा है।

 

कनेक्शन का लक्ष्य है पानी का नहीं

जरूरी नहीं हर चमत्कार विज्ञान, वैज्ञानिक या तांत्रिक करे। सरकारी सिस्टम भी करता है बस देखने वाला चहिए। कई ग्रामों में अधिकारी एवं ठेकेदार नीचे बिना पाईप लाईन बिछाए उपर कनेक्शन का खूंटा गड़ा दिए हैं। जिससे लगे की हरेक घर तक योजना पहुंच चुकी है। ग्राम धनगांव में कुछ ऐसे ही चमत्कारिक कनेक्शन लगे हैं, जिसमे पानी आने की कोई संभावना इसलिए नहीं है क्योंकि नीचे कोई पाइप लाइन ही नहीं है। इससे आहत लोग नल स्टेंड को बतौर खुटा उपयोग कर रहे हैं और उसमें मवेशी बांध रहे हैं। जिस दिन पानी आएगा उस दिन नारियल अगरबत्ती से चमत्कार का डंका बजाने की तैयारी है।

जिला पंचायत सदस्य बाल कुमारी धुव्र एवं सुशीला जोशी ने कहा कि पानी टंकी की सफाई कितने साल में होना चाहिए, कब हुआ, यह राहगीर बता सकते हैं। पीएचई विभाग ने गत दो साल में खनिज मद से हुए कार्यों की जांच हो तो इस विभाग की कलई खुल जाएगी। खुद स्टीमेट बनाए, खुद मेजरमेंट किए, खुद टेंडर किए, खुद भुगतान किए भौतिक सत्यापन किसने किया ....? जिला पंचायत सदस्यों ने कहा कि जो एम वी में दर्शाया गया वह मौके पर है कि नही। विशेष टीम से जांच होना चाहिए। नवागढ़ विधानसभा में घर पर जल प्रदाय योजना फेल है, अब तक की स्थिति में केवल खजाने की सफाई ही साफ- साफ लोगो को दिख रही है।


अन्य पोस्ट