बेमेतरा

योगेश ने किरण सिंह देव से की मुलाकात, जनसेवा व क्षेत्रीय विकास पर की चर्चा
13-Jan-2026 4:10 PM
योगेश ने किरण सिंह देव से की मुलाकात, जनसेवा व क्षेत्रीय विकास पर की चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 13 जनवरी।  भारतीय जनता पार्टी किसान नेता एवं सर्व हिंदू समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेश तिवारी ने रायपुर स्थित निवास पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव से शिष्टाचार भेंट की।

यह मुलाकात आत्मीय एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें संगठन, जनसेवा और क्षेत्रीय विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई भेंट के दौरान जिले के समग्र विकास, जिला पंचायत स्तर पर संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, ग्रामीण अधोसंरचना, किसानों की समस्याओं तथा जिले की वर्तमान सामाजिक, आर्थिक एवं संगठनात्मक परिस्थितियों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।

योगेश तिवारी ने प्रदेश अध्यक्ष को जिले में किसानों, ग्रामीण अंचलों, युवाओं एवं आमजन से जुड़े जमीनी मुद्दों से विस्तारपूर्वक अवगत कराया और कृषि, सिंचाई, रोजगार, सडक़, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसे विषयों पर अपनी बात रखी। इस दौरान जिले में विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने तथा संगठन और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।

योगेश तिवारी ने बेमेतरा जिले को किसान-हितैषी एवं विकासशील मॉडल जिला के रूप में स्थापित करने की दिशा में मार्गदर्शन प्राप्त किया।

प्रदेश अध्यक्ष से मिले सकारात्मक सुझावों को लेकर उन्होंने जिले में जनसेवा और संगठनात्मक कार्यों को और अधिक सक्रियता से आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।

इस अवसर पर योगेश तिवारी ने प्रदेश अध्यक्ष से जिले को समय देने का आग्रह किया, ताकि जमीनी स्तर पर संगठनात्मक मजबूती और विकास कार्यों की समीक्षा की जा सके। इस पर प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए शीघ्र ही आगमन की सहमति प्रदान की और जिले के संगठनात्मक एवं विकासात्मक विषयों पर प्रत्यक्ष संवाद का आश्वासन दिया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनसेवा और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता मानकर कार्य कर रही है तथा किसानों, ग्रामीणों और समाज के प्रत्येक वर्ग के हित में निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने संगठन के कार्यकर्ताओं से समन्वय बनाकर जनकल्याण के कार्यों को और अधिक गति देने पर जोर दिया। भेंट के अंत में योगेश तिवारी ने प्रदेश अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और दिशा प्राप्त होती है, जिससे संगठन और समाज दोनों को मजबूती मिलती है।


अन्य पोस्ट