बेमेतरा

कस्तूरबा विद्यालय की बेटियों ने जीते 4 स्वर्ण पदक
16-Oct-2025 4:15 PM
कस्तूरबा विद्यालय की बेटियों  ने जीते 4 स्वर्ण पदक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 16 अक्टूबर। जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय बेमेतरा की छात्राओं ने 13वीं राष्ट्रीय गतका चैंपियनशिप  में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे छत्तीसगढ़ राज्य में बालिका वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

 इस प्रतियोगिता में बेमेतरा जिले से 19 बालिकाओं ने भाग लिया, जिनमें से 17 बालिकाओं ने पदक अर्जित किए। गर्व की बात यह रही कि इनमें से 10 विजेता छात्राएँ कस्तूरबा गांधी विद्यालय की हैं। इनमें 4 स्वर्ण पदक कु दामिनी, कु आंचल, कु राधिका और कु सृष्टि ने प्राप्त किए। 2 रजत पदक चांद और खुशबू को मिले, जबकि 3 कांस्य पदक कु जागेश्वरी, कु मुकेश्वरी और कु रेशमा ने जीते।

विद्यालय की पीटीआई नेहा वर्मा ने बताया कि गतका खेल में इन बालिकाओं की पकड़ बेहद मजबूत है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं ने देश के 12 राज्यों से आए खिलाडिय़ों को मात देकर शानदार प्रदर्शन किया है। विद्यालय की अधीक्षिका  भारती घृतलहरे ने बताया कि छात्राओं की सफलता   उनका नियमित अनुशासित दिनचर्या योग, कराटे, गतकातथा अन्य खेलों का निरंतर अभ्यास है। उन्होंने कहा कि ये सभी बालिकाएँ पढ़ाई और खेल दोनों में समान रूप से मेहनती हैं।

 

विद्यालय परिवार इस उपलब्धि पर अत्यंत गौरवान्वित है और सभी विजेता छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है। उन्होंने बताया कि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में मुख्यत: ग्रामीण परिवेश से आने वाली बालिकाएँ अध्ययनरत हैं, जो यहाँ रहकर अपने जीवन का सर्वांगीण विकास कर रही हैं। इनमें से दो छात्राओं कु जागेश्वरी एवं कु चांद की  खेल मंत्रालय द्वारा डॉक्यूमेंट्री फिल्मभी बनाई गई है।

 विद्यालय की शिक्षिकाएँ ममता गुरुपंच, राजकिरण मिश्रा, गायत्री साहू, विजयलक्ष्मी परगनिया, सावित्री यादव, दीप्ति नौरंगे एवं अनीता साहू ने सभी बालिकाओं को उनकी कड़ी मेहनत और सफलता के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। साथ ही उन्होंने सभी छात्राओं के माता-पिता को भी बधाई दी, जिन्होंने अपनी बेटियों को आगे बढऩे के लिए प्रोत्साहित किया।


अन्य पोस्ट