बेमेतरा
परशुराम जन्मोत्सव पर कार्यक्रम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 2 मई। स्थानीय परशुराम चौक स्थित परशुराम परिसर में परशुराम जन्मोत्सव पर स्वामी ज्योतिर्मयानंद ने कहा कि भगवान परशुराम भगवान विष्णु के छठे अवतार थे और वे एक महान योद्धा थे। उन्होंने यह भी कहा कि भगवान परशुराम ने पृथ्वी को 21 बार आतताइयों से मुक्त किया था और ब्राह्मणों को भूमि दान में दी थी। उन्होंने यह भी कहा कि भगवान परशुराम ने हमें कर्म और धर्म के महत्व के बारे में सिखाया है। उन्होंने हमें यह भी सिखाया है कि हमें हमेशा सच्चाई का पालन करना चाहिए और अन्याय के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।
छग सर्व ब्राह्मण समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष लेखमणी पांडेय ने कहा कि भगवान परशुराम न केवल एक ब्राह्मण योद्धा थे बल्कि साहस और शक्ति के प्रतिक भी थे। अक्षय तृतीया के दिन परशुराम के जन्मोत्सव के साथ ही वृंदावन में भगवान बांके बिहारी के श्री विग्रह के चरणों के दर्शन होते हैं। आज के दिन ही श्रीकृष्ण ने चीर बढ़ाकर द्रौपदी की रक्षा की थी और युधिष्ठिर को अक्षय पात्र प्राप्त हुआ।
भगवान श्रीकृष्ण के बालसखा सुदामा श्रीकृष्ण से द्वारका जाकर अक्षय तृतीया के दिन ही मिले थे। अजय शर्मा, जितेंद्र शुक्ला जिलाध्यक्ष और दीपक पाण्डेय प्रदेश प्रचार सचिव ने भी विचार रखे।
इस अवसर पर अशोक तिवारी, अजय मिश्रा, महेश शर्मा, राकेश मोहन शर्मा, मनीषा शर्मा, रघुनंदन तिवारी, युगल तिवारी. दीपक तिवारी, लोकेश्वर शुक्ला आदि मौजूद रहे।


