बेमेतरा

महाष्टमी पर मंदिरों और लोगों ने अपने घरों में कन्याओं को कराया भोजन
06-Apr-2025 2:35 PM
महाष्टमी पर मंदिरों और लोगों ने अपने घरों में कन्याओं को कराया भोजन

मंदिरों में नौ कन्याओं को भोज कराकर विशेष उपहार दिए 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 6 अप्रैल।
अंचल के माता देवालयों में शनिवार को चैत्र नवरात्र के महाअष्टमी पर हवन पूजन हुआ। नगर के सिद्ध शक्तिपीठ माता, भद्रकाली मंदिर, माता शीतला मंदिर, मां महामाया मंदिर, सण्डी सिद्धी माता मंदिर, बुचीपुर महामाया मंदिर, बोर्रा माता मंदिर, कालिका मंदिर सहित अंचल के मंदिरों में यज्ञ के दौरान वेद मंत्रोंच्चार से वातावरण गुंजायमान रहा। देवी जसगीतों के गूंजते से वातावरण में मातृशक्ति का संचार हो रहा था। अष्टमी पर सुबह से ही मंदिरों में दर्शन करने श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा जो देर रात तक जारी रहा। मंदिरों में नौ कन्याओं को पैर धुला कर आरती उतारी गई। देवी स्वरूप कन्याओं को भोज कराकर उपहार भेंट की गई। रविवार को जोत जंवारा का विर्सजन किया जायेगा।

 

नगर के माता शीतला मंदिर में महाष्टमी पर यज्ञ आरती कराया गया। महामाया मंदिर में हवन पूजन किया गया। माता भद्रकाली मंदिर में शाम को यज्ञ हुआ। आचार्य पं. रामकुमार शास्त्री के मार्गदर्शन में सहयोगी पंडितों द्वारा यज्ञ में आहुति डलवाई गई । मुख्य यजमान के रुप में पं. संदीप तिवारी रायपुर सपत्निक शामिल हुए। माता भद्रकाली मंदिर में अध्यक्ष माहेश्वरी, अर्जुन देवांगन व सभी सदस्य सेवा दिए। रविवार को मंदिर में ही ज्येाति कलश का विसर्जन किया जायेगा।

मंदिरों में श्रद्धालुओं का लगा रहा तांता 
अष्टमी पर देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का दिन भर तांता लगा रहा। सुबह से ही दर्शनार्थियों की भीड़ दिखी। नगर सहित ग्रामीण अंचल से बहुसंख्या में श्रद्धालु देवी माता के दर्शन करने पहुंचे। घरों में प्रज्ज्वलित ज्योति का सेवा किया गया।


अन्य पोस्ट